सोनीपत कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े हत्या, हमलावरों ने युवक पर बरसाईं गोलियां
सोनीपत , 16 मई 2026 । हरियाणा के Sonipat में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सोनीपत अदालत परिसर के बाहर खड़े एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने युवक पर 5 से ज्यादा गोलियां दागीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अदालत परिसर के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नीरज के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीरज की गाड़ी को मारी टक्कर उसके बाद उसे गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया गया है। हमलावरों ने 5 से ज्यादा गोलियां दागी है। मृतक नीरज उर्फ कातिया आज कोर्ट में पत्नी के साथ चल रहे दहेज प्रताड़ना की पेशी पर आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक अदालत परिसर के बाहर खड़ा था, तभी बाइक या कार से आए हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर बेहद तेजी से वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। लगातार गोलियों की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, गैंगवार या आपसी विवाद जैसे एंगल पर भी जांच की जा रही है।
घटना अदालत परिसर के बाहर होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोर्ट जैसे संवेदनशील इलाके में इस तरह की वारदात पुलिस सुरक्षा की बड़ी चूक को दर्शाती है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हत्याकांड के बाद पूरे सोनीपत शहर में तनाव का माहौल है और पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। मामले की जांच कई विशेष टीमों को सौंपी गई है।


RashtriyaPravakta