हमारी भी सुन लीजिए हजूर

      " आलोक गौड़  "

  • अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बढ़ाई दिल्ली विधानसभा की गरिमा


नई दिल्ली l  दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में वापसी कराने में अहम भूमिका निभाने वाले विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार थे l बावजूद इसके उनकी काबिलियत व दावेदारी को दरकिनार करते हुए भारतीय जनता पार्टी की आलाकमान ने दिल्ली में सत्ता की बागडोर अनुभवहीन रेखा गुप्ता के हाथों में सौंप दी l यह बात दीगर है कि अब भारतीय जनता पार्टी अपने इस निर्णय पर पछता रही है, क्योंकि न केवल मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता ऐसे कई फैसले ले चुकी हैं जिनकी वजह से उनकी छवि खराब हुई है बल्कि उन्होंने अपने निजी स्टाफ़ में ऐसे चाटुकारों की जमात इकट्ठा कर ली है, जो उन्हें वास्तविक स्थिति से अवगत ही नहीं कराते हैं l इसके बजाय वह उन्हें यह भरोसा दिलाते रहते हैं कि जनता उनके राज में हर तरह से संतुष्ट है l
अपने ऐसे चाटुकारों से घिरी रहने और प्रचार की आत्ममुग्धता में डूबे रहने की वजह से मुख्यमंत्री को यह अंदाजा भी नहीं है कि लोग उनके बारे में क्या सोच रहे हैं l इतना ही नहीं छह माह से भी कम समय में जनता का दिल्ली सरकार और यहां की मुख्यमंत्री से पूरी तरह से मोहभंग हो गया है l
दूसरी ओर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता अपने कार्यकलापों के जरिए अपने पद के साथ ही विधानसभा को एक नई गरिमा दिलाने में लगे हुए हैं, उन्होंने अभी तक न केवल विधानसभा सदन की कार्यवाही का संचालन करने में अपनी योग्यता का परिचय दिया है, बल्कि विधानसभा को पेपरलैस बना कर और पूरे परिसर को सौर उर्जा से संचालित कर नई मिसाल कायम की है l
अपने पद और दिल्ली विधानसभा की गरिमा को नई ऊंचाई दिलाने के सिलसिले में विजेंद्र गुप्ता ने एक ऐसा अनूठा आयोजन किया है, जिसकी मिसाल देश भर की विधानसभाओं में ढूंढे से भी नहीं मिलेगी l
उन्होंने दिल्ली विधानसभा में 24 व 25 अगस्त को अखिल भारतीय अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया है l जिसमें देश भर की 29 विधानसभा के अध्यक्ष, 17 उपाध्यक्ष भाग लेंगे l इसके अलावा राज्य विधान परिषदों के छह पीठासीन अध्यक्ष व उपाध्यक्ष भी भाग लेंगे l
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के मुताबिक इन सभी ने आने की पुष्टि कर दी है l यह पहला अवसर है जब सभी विधानसभाओं के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष राजनीतिक से ऊपर उठ कर इस आयोजन में भाग लेने के लिए आ रहे हैं l
उनके मुताबिक इस एतिहासिक मौके पर विट्ठल भाई पटेल की जन्मशताब्दी पर उनके जीवन की गौरव गाथा से संबंधित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी l जिसमें दुर्लभ अभिलेख,  चित्र,रिकार्डिंग व अन्य माध्यमों के जरिए आजादी के आंदोलन में उनके योगदान को दर्शाया जाएगा l इस अवसर पर लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में एतिहासिक महत्व की वस्तुएँ भी प्रदर्शित की जाएंगी l
यह पहला अवसर है जब देश की किसी भी विधानसभा के अध्यक्ष ने इस प्रकार का आयोजन किया है l अभी तक तो इस तरह का आयोजन लोकसभा के अध्यक्ष की ओर से किया जाता था, जिसमें राष्ट्रमण्डल देशों की संसद के अध्यक्षों को आमंत्रित किया जाता था l
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस प्रकार का आयोजन कर अपने साथ ही विधानसभा की गरिमा को भी चार चांद लगा दिए हैं l