बिहार के जमुई में नमाज के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग, 4 लोग घायल

बिहार के जमुई में नमाज के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग, 4 लोग घायल

जमुई  , 02 मार्च 2026 । बिहार के जमुई जिले में नमाज अदा करने के बाद मस्जिद के बाहर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जखरा गांव में रविवार देर शाम मस्जिद से नमाज पढ़कर निकले लोगों पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी. बताया जाता है कि शाम 7 बजे रोजा खोलकर मस्जिद से नमाज पढ़कर जैसे ही बाहर निकले तभी ताबड़तोड़ गोलीयों की बारिश शुरू हो गई. इस गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए. सभी को गोली छाती, गर्दन और कांधा में लगी है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, देखते ही देखते इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया. परिजन द्वारा फौरन चारों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चारों घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अभी तक फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी रंजिश, जमीन विवाद या अन्य स्थानीय कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।