ट्रम्प का बयान: “मैं भारत और PM मोदी के बहुत करीब हूं”

ट्रम्प का बयान: “मैं भारत और PM मोदी के बहुत करीब हूं”

वाशिंगटन , 19 सितम्बर 2025 :  भारत और अमेरिका के बीच फिर से ट्रेड डील पर बातचीत की संभावनाओं के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कहा कि वह भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत करीब हैं। इसके बावजूद उन्हें भारत पर प्रतिबंध लगाना पड़ा।

ट्रम्प ने यह बयान लंदन में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया। उनसे पूछा गया कि क्या रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर बैन लगाकर व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बनाने का समय आ गया है।

इस पर ट्रम्प ने कहा- मैं भारत और प्रधानमंत्री मोदी के बहुत करीब हूं। मैंने उनसे पिछले दिनों बात की, उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भी बहुत सुंदर जवाब दिया। हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं, लेकिन मैंने उनपर प्रतिबंध लगा दिया।

उन्होंने आगे कहा- रूस से तेल खरीदने के कारण मुझे यूरोपीय देशों और चीन पर भी बैन लगाना पड़ा। चीन इस समय अमेरिका पर बहुत बड़ा टैरिफ लगा रहा है। मैं और भी चीजें करने को तैयार हूं, लेकिन तब नहीं जब मैं जिन लोगों के लिए लड़ रहा हूं, वे रूस से तेल खरीद रहे हों।

ट्रम्प ने मोदी को सबसे पहले जन्मदिन पर बधाई दी डोनाल्ड ट्रम्प ने 17 सितंबर को PM मोदी को उनके जन्मदिन पर सबसे पहले बधाई दी थी। उन्होंने 16 सितंबर की रात 10:53 बजे PM मोदी को फोन कर विश किया। ट्रम्प ने रात 11:30 बजे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर PM से बातचीत की जानकारी दी।

ट्रम्प ने लिखा, 'अभी-अभी मेरे दोस्त, नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत हुई। मैंने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वे अद्भुत काम कर रहे हैं। नरेंद्र, रूस और यूक्रेन के बीच जंग खत्म करने में आपके सहयोग के लिए धन्यवाद।'

ट्रम्प की बधाई का जवाब देते हुए मोदी ने X पर लिखा, 'थैंक यू, मेरे दोस्त, प्रेसिडेंट ट्रम्प। आपकी तरह, मैं भी हमारे बीच की साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहता हूं। हम यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करते हैं।'