बॉलीवुड में बड़ा कानूनी विवाद, वासु भगनानी ने डेविड धवन पर ठोका 400 करोड़ का मुकदमा

बॉलीवुड में बड़ा कानूनी विवाद, वासु भगनानी ने डेविड धवन पर ठोका 400 करोड़ का मुकदमा

नई दिल्ली, 29 मई 2026 । बॉलीवुड निर्माता वासु भगनानी और निर्देशक डेविड धवन के बीच बड़ा कानूनी विवाद सामने आया है। वासु भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट ने बॉम्बे हाईकोर्ट में डेविड धवन, टिप्स इंडस्ट्रीज और रमेश तौरानी के खिलाफ 400 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। मामला फिल्म ‘Biwi No.1’ के लोकप्रिय गानों के कथित अनधिकृत इस्तेमाल से जुड़ा हुआ है।

वासु भगनानी का दावा है कि टिप्स के पास इन गानों के विजुअल राइट्स नहीं हैं। उन्होंने फिल्म की रिलीज रोकने और इसका टाइटल बदलने की मांग की है। वहीं टिप्स ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

 
'चुनरी चुनरी' और 'इश्क सोना है' गानों पर विवाद
 
डायरेक्टर डेविड धवन की वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर स्टारर यह फिल्म 5 जून 2026 को रिलीज होने वाली है। इसमें 'बीवी नंबर 1' के दो मशहूर गानों 'चुनरी चुनरी' और 'इश्क सोना है' को रीक्रिएट किया गया है। पूजा एंटरटेनमेंट ने वकील वीके दुबे एसोसिएट्स के जरिए कोर्ट में याचिका लगाई है।

 

पूजा एंटरटेनमेंट ने अदालत से फिल्म की रिलीज, प्रमोशन और गानों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग भी की है। कानूनी दस्तावेजों में कहा गया है कि इस कथित उल्लंघन से कंपनी को भारी आर्थिक और व्यावसायिक नुकसान हुआ है।

वहीं दूसरी ओर फिल्म से जुड़े निर्माताओं और टिप्स इंडस्ट्रीज ने आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वे गानों के वैध अधिकार धारक हैं और यह मामला फिल्म रिलीज से पहले जानबूझकर विवाद पैदा करने की कोशिश है।

यह विवाद इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि डेविड धवन और वासु भगनानी ने अतीत में कई सफल फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें ‘Coolie No.1’ और ‘Biwi No.1’ जैसी फिल्में शामिल हैं। अब दोनों के बीच कानूनी लड़ाई ने बॉलीवुड इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

फिलहाल इस मामले की सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट में जारी है और इंडस्ट्री की नजर अदालत के अगले फैसले पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि यह मामला बॉलीवुड में म्यूजिक और डिजिटल राइट्स को लेकर एक बड़ा उदाहरण बन सकता है।