लुधियाना के नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, परीक्षा के दौरान मचा हड़कंप

लुधियाना के नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, परीक्षा के दौरान मचा हड़कंप

लुधियाना , 18 मई 2026 । औद्योगिक नगरी से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे शहर के साथ-साथ पुलिस महकमे में तहलका मचा दिया है। लुधियाना के 3 बड़े और नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इन स्कूलों में दुगरी स्थित बाल भारती स्कूल, डीएवी (DAV) स्कूल सराभा नगर एक्सटेंशन और एक अन्य प्रमुख स्कूल शामिल है। जैसे ही इस धमकी भरा ई-मेल सामने आया, स्कूलों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और छात्रों में दहशत फैल गई। खास बात यह रही कि घटना उस समय सामने आई जब कई स्कूलों में परीक्षाएं चल रही थीं।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत स्कूल परिसरों में पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों को खाली कराया गया और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, जबकि स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों की गहन जांच की गई।

अधिकारियों के अनुसार धमकी ईमेल या अन्य डिजिटल माध्यम से मिलने की आशंका जताई जा रही है। साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीमें संदेश भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी वास्तविक थी या किसी ने शरारत फैलाने के उद्देश्य से ऐसा किया।

परीक्षा के दौरान अचानक हुए इस घटनाक्रम से छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई। कई अभिभावक तुरंत स्कूल पहुंचे और बच्चों को घर ले गए। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी स्कूलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जा सकता है।