क्या अमेरिका ईरान पर हाइपरसोनिक मिसाइल से हमला कर सकता है? बढ़ते तनाव के बीच बड़े सैन्य विकल्प पर चर्चा
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन, 01 मई 2026 । मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ हाइपरसोनिक मिसाइल के इस्तेमाल की संभावना चर्चा में है। ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने अपनी उन्नत “डार्क ईगल” (Dark Eagle) हाइपरसोनिक मिसाइल प्रणाली को तैनात करने का प्रस्ताव रखा है, जिसका इस्तेमाल संभावित रूप से ईरान के खिलाफ किया जा सकता है।
अमेरिका पहली बार ईरान के खिलाफ हाइपरसोनिक मिसाइलों का इस्तेमाल कर सकता है। अमेरिका की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर ने राष्ट्रपति ट्रम्प को ईरान के खिलाफ संभावित हमला करने के विकल्पों की जानकारी दी है।
फॉक्स न्यूज के मुताबिक एडमिरल ब्रैड कूपर ने व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में ट्रम्प के साथ बैठक में ये विकल्प पेश किए। इसमें बताया गया कि अगर ट्रम्प दोबारा हमले का फैसला लेते हैं, तो एक ‘छोटा लेकिन बहुत ताकतवर हमला’ किया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में ईरान की बची हुई सैन्य ताकत, उसके नेता और अहम ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाया जा सकता है।
रक्षा मंत्रालय कुछ नए और एडवांस हथियार इस्तेमाल करने पर भी विचार कर रहा है। इनमें ‘डार्क ईगल’ नाम की हाइपरसोनिक मिसाइल भी शामिल है। यह मिसाइल करीब 2,000 मील (करीब 3,200 किलोमीटर) दूर तक निशाना साध सकती है और ईरान के बचे हुए बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को टारगेट कर सकती है।
इसके अलावा, B-1B लांसर बॉम्बर विमानों की मौजूदगी भी इलाके में बढ़ाई जा रही है। ये विमान भारी मात्रा में हथियार ले जाने में सक्षम हैं और हाइपरसोनिक हथियार भी ले जा सकते हैं।


RashtriyaPravakta