दिल्ली प्रीमियर लीग: जीत के साथ खाता खोलने को तैयार पुरानी दिल्ली 6

दिल्ली प्रीमियर लीग: जीत के साथ खाता खोलने को तैयार पुरानी दिल्ली 6

दिल्ली, 4 अगस्त 2025:

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित दिल्ली प्रीमियर लीग में पुरानी दिल्ली 6 मंगलवार को आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है। 2024 संस्करण में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली यह टीम कप्तान वंश बेदी की अगुवाई में पिछली बार से ज्यादा मजबूत और परिपक्व नजर आ रही है।
टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कप्तान वंश बेदी ने कहा कि, "टीम की अगुवाई करना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व की बात होती है और मेरे लिए भी यह एक बेहतरीन अनुभव होने वाला है। एक खिलाड़ी के तौर पर, मैं इसे ब्रह्मांड का अनमोल तोहफा मानता हूं। मैंने क्लब क्रिकेट में कप्तानी की है, लेकिन डीपीएल में पुरानी दिल्ली 6 की कप्तानी करना अलग ही एहसास है।" उन्होंने आगे कहा कि, "हर टीम का लक्ष्य ट्रॉफी उठाना होता है और हमारा फोकस भी वही है और इसके लिए हमने पूरी तैयारी की है। हालांकि टीम को अपने स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत की कमी खलेगी, लेकिन हमें उम्मीद है कि इस सीजन में कोई नया सितारा उभरकर सामने आएगा।"
उन्होंने आगे जोड़ा कि, "यह हमारे लिए एक झटका है कि ऋषभ पंत भैया इस वक्त हमारे साथ नहीं हैं।हमारे साथ-साथ फैंस भी उन्हें मिस करने वाले हैं, लेकिन मैं उनके प्रशंसकों से यही कहूंगा, हम पूरा प्रयास करेंगे कि ऋषभ भैया की गैर माजूदगी में भी टीम उच्च स्तरीय प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम करे।"
दिल्ली प्रीमियर लीग में कप्तानी को अपने करियर का टर्निंग पॉइंट बताते हुए उन्होंने आगे कहा कि, "डीपीएल मेरे लिए एक गेम-चेंजर रहा है। यह एक ऐसा मंच है जहां आप अच्छा प्रदर्शन करके खुद को बड़े स्तर पर साबित कर सकते हैं। यह हम खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जिसका सभी को इंतजार रहता है।"
टीम के बारे में बोलते हुए फ्रेंचाइजी मालिक आकाश नांगिया ने कहा कि, "हमें अपने पहले मुकाबले को लेकर पूरा विश्वास है। खिलाड़ी जीत के भूखे हैं और उनकी तैयारी भी शानदार दिख रही है। हम एक मजबूत शुरुआत की उम्मीद कर रहे हैं।"

आगामी मुकाबले

पहला मैच: आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ, 5 अगस्त, मंगलवार

दूसरा मैच: वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ, 7 अगस्त, दोपहर 2:00 बजे

तीसरा मैच: न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ, 8 अगस्त, रात 7:00 बजे

चौथा और अंतिम ग्रुप स्टेज मुकाबला: साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ के खिलाफ, 27 अगस्त, रात 7:00 बजे


टीम:

वंश बेदी (कप्तान), ऋषभ पंत (मार्की खिलाड़ी), ललित यादव, देव लाकड़ा, आयुष सिंह, समर्थ सेठ, आरुष मल्होत्रा, सार्थक पाल, अग्रिम शर्मा, विवेक यादव, युग गुप्ता, उद्धव मोहन, प्रणव पंत, प्रिंस मिश्रा, रुषल सैनी, आर्यन कपूर, प्रदीप पराशर, एकांश डोबाल, आदित्य मल्होत्रा, रजनीश दादर, आशीष चौरसिया, कुश नागपाल, ध्रुव चौहान, गौरव सरोहा