दिल्ली के RML अस्पताल का होगा कायाकल्प, 4,784 बेड और 116 ऑपरेशन थिएटर से बदलेगी तस्वीर

दिल्ली के RML अस्पताल का होगा कायाकल्प, 4,784 बेड और 116 ऑपरेशन थिएटर से बदलेगी तस्वीर

नई दिल्ली, 18 नवंबर,2026। देश की राजधानी दिल्ली के प्रमुख सरकारी अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल को भविष्य की स्वास्थ्य जरूरतों के हिसाब से विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए नया मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है। इस योजना के तहत अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 4,784 बेड करने और 116 ऑपरेशन थिएटर विकसित करने का प्रस्ताव है।

इस विस्तार का उद्देश्य मरीजों को बेहतर इलाज, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और अधिक बेड उपलब्ध कराना है। अस्पताल प्रशासन अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर का पुनर्विकास करना चाहता है। इसके लिए आर्किटेक्चर और इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी से मास्टर प्लान तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल की ओपीडी में हर महीने करीब 1.25 लाख से 1.65 लाख मरीज पहुंचते हैं। वहीं, 2026 के आखिर तक 2024 के मुकाबले मरीजों की संख्या 17% बढ़ सकती है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में इलाज की सुविधाओं का विस्तार जरूरी हो गया है।