11 राज्यों में ब्लास्ट की धमकियां भेजने वाली लड़की अरेस्ट

11 राज्यों में ब्लास्ट की धमकियां भेजने वाली लड़की अरेस्ट

नई दिल्ली, 24 जून 2025 । अहमदाबाद की साइबर क्राइम यूनिट ने देश के 11 राज्यों में बम ब्लास्ट की धमकियां देने वाली लड़की को चेन्नई से अरेस्ट किया है। आरोपी रेनी जोशील्डा के लेकर टीम अहमदाबाद आ रही है। शुरुआती पूछताछ में रेनी ने कबूल किया है कि उसने अपने प्रेमी को फंसाने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में बम धमकी वाले ईमेल भेजे थे। इन मेल में गुजरात के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ब्लास्ट की धमकी भी शामिल थी।

बॉयफ्रेंड को फंसाने के लिए रची थी साजिश चेन्नई में रहने वाली रेनी जोशील्डा रोबोटिक्स में ग्रेजुएट है और डेलॉइट में सीनियर कंसल्टेंट के तौर पर काम करती है। रेनी अपने ऑफिस में काम करने वाले एक युवक से प्रेम करती थी। लेकिन, इसी साल युवक ने किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। इसी बात से बौखलाई रेनी ने उसे फंसाने के लिए इस साजिश को अंजाम दिया।

11 राज्यों की पुलिस को थी तलाश अहमदाबाद के जेसीपी क्राइम ब्रांच शरद सिंघल ने बताया कि रेनी, दिविजप्रभाकर और पाकिस्तानवेब जैसे नामों का इस्तेमाल कर धमकी भरे ईमेल भेजती थी। वह इसके लिए डार्क वेब, वीपीएन और वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल करती थी। रेनी ने पिछले 6-7 महीनों में देश के 11 राज्यों में धमकी के ईमेल भेजे थे। इसीलिए 11 राज्यों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

आईपी और डार्क वेब से पूरा ढांचा खड़ा किया था रेनी ने अहमदाबाद के दिव्य ज्योत स्कूल, बीजे मेडिकल कॉलेज, जिनेवा स्कूल और नरेंद्र मोदी स्टेडियम को भी बम से उड़ाने की धमकी के ईमेल भेजे थे। इसके चलते अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुटी थी। जांच टीम ने पाया कि रेनी ने अलग-अलग आईपी और डार्क वेब से पूरा ढांचा खड़ा कर रखा था। इनकी मदद से उसने ईमेल और व्हाट्सएप ग्रुप तैयार किए थे। इन्हीं के जरिए वह धमकियों वाले ईमेल और वॉट्सएप मैसेजेस भेजा करती थी।

साइबर क्राइम की डार्क वैब और वीपीएन पर थी पैनी नजर जेसीपी क्राइम ब्रांच शरद सिंघल ने बताया कि रेनी की एक गलती ने ही हमें उस तक पहुंचा दिया। जांच में हमने पाया कि मैसेजेस के लिए डार्क वेब और वीपीएन नंबर का यूज किया जा रहा था। इसलिए हमारी डार्क वैब और वीपीएन पर पैनी नजर थी। रेनी को लगा था कि वह डार्क वेब पर अदृश्य रहेगी। लेकिन, बार-बार ई-मेल भेजने के चलते हम उस तक पहुंच गए।

रेनी साइबर टूल्स और सोशल इंजीनियरिंग में ट्रेंड थी। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद आईटी में करियर बनाने वाली रेनी ने अपने टैलेंट का इस्तेमाल गलत कामों में किया। रेनी ने 11 राज्यों में इस तरह के धमकी भरे कुल 21 ईमेल और मैसेज भेजे थे। फिलहाल हम यह पता लगा रहे हैं कि इस मामले में उसके साथ कोई और भी शामिल था या नहीं।