सबरीमाला गोल्ड केस में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 10 दिन की रिमांड ली
केरल , 17 अक्टूबर 2025 । केरल में चर्चित सबरीमाला गोल्ड केस में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी सफलता हासिल की है। मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर 10 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। यह गिरफ्तारी जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण मोड़ मानी जा रही है और इससे मामले की गहन पड़ताल में मदद मिलेगी।
केरल के पठानमथिट्टा की रणनी कोर्ट ने शुक्रवार को सबरीमाला गोल्ड चोरी केस के मुख्य आरोपी उन्निकृष्णन पोट्टी को 30 अक्तूबर तक SIT की रिमांड पर भेज दिया है। SIT ने गुरुवार शुक्रवार की रात 2:30 बजे उसे हिरासत में लिया था।
शुक्रवार सुबह 14 घंटे से ज्यादा पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ले जाते समय आरोपी ने कहा कि उसे किसी ने फंसाया है और दोषी कानून के सामने आएंगे। कोर्ट के बाहर भीड़ में किसी ने पोट्टी पर जूता फेंक दिया। जूता फेंकने वाले को पुलिस ने पकड़ा लिया।
केरल हाईकोर्ट ने हाल ही में पाया कि द्वारपालक मूर्तियों के सोने के प्लेट्स का वजन पोट्टी को सौंपते समय 42.8 किलो था, लेकिन चेन्नई की कंपनी स्मार्ट क्रिएशंस को पहुंचने पर 38.2 किलो रह गया।
इसके बाद हाईकोर्ट ने ट्रावणकोर देवास्वोम बोर्ड (TDB) की विजिलेंस विंग से शुरुआती जांच कराई। जांच में पोट्टी की भूमिका संदिग्ध पाई गई जिसके बाद कोर्ट ने SIT गठन करने का फैसला लिया था।
उन्निकृष्णन पोट्टी ने बोर्ड अधिकारियों के साथ मिलकर साजिश रची
इंडिया टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने सबरीमाला गोल्ड चोरी केस की रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि मुख्य आरोपी उन्निकृष्णन पोट्टी ने देवास्वोम बोर्ड अधिकारियों और अन्य लोगों की मदद से इस पूरे मामले की साजिश रची।
रिपोर्ट के मुताबिक पोट्टी ने धोखे से मुनाफा कमाने के इरादे से देवास्वोम बोर्ड को सोने की प्लेटिंग के लिए आवेदन दिया। नियम तोड़कर उसने द्वारपालक मूर्तियों को सबरीमाला से बाहर निकाला और कर्नाटक, तमिलनाडु व आंध्र प्रदेश ले गया।
मूर्ती से सोना अलग किया और कम मात्रा कि प्लेटिंग कराई गई
SIT का दावा है कि पोट्टी ने मूर्तियों को स्मार्ट क्रिएशंस नाम की कंपनी को सौंपा जो उसी की थी। यहां सोना अलग किया गया और कम मात्रा से प्लेटिंग की गई। वित्तीय लाभ के लिए पोट्टी ने पूजा के बहाने सोना कई जगह रखा, स्पॉन्सर ढूंढे और ज्यादातर सोना खुद रख लिया।


RashtriyaPravakta