भारत-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: यात्रा के नाम पर बच्चों की तस्करी की साजिश नाकाम, SSB ने बचाए मासूम
बिहार , 05 मई 2026 । सशस्त्र सीमा बल ने बड़ी सतर्कता दिखाते हुए बच्चों की तस्करी की एक साजिश को नाकाम कर दिया। मामला भारत-नेपाल सीमा का है, जहां तस्कर बच्चों को “यात्रा” के बहाने सीमा पार ले जाने की कोशिश कर रहे थे।
एसएसबी 45वीं वाहिनी के समादेष्टा गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी की संभावनाओं को देखते हुए सभी सीमा चौकियों एवं चेक पोस्टों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीमा चौकी भीमनगर के द्वारा चेक पोस्ट भीमनगर पर चैकिंग ड्यूटी के दौरान आठ नाबालिग बच्चों एवं दो युवकों को संदिग्ध परिस्थिति में भारत से नेपाल जाते हुए रोका गया। बच्चों को उनके परिवार को बिना जानकारी दिए बाल श्रम के उद्देश्य से उनके घरों से बहला फुसला कर ले जाया गया था।
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखते हुए SSB जवानों ने कुछ लोगों को रोका और पूछताछ की। जांच में खुलासा हुआ कि बच्चों को झांसा देकर सीमा पार ले जाया जा रहा था। समय रहते कार्रवाई करते हुए जवानों ने सभी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की तस्करी के मामलों में अक्सर धार्मिक या पर्यटन यात्रा का बहाना बनाया जाता है, ताकि संदेह न हो। लेकिन सतर्कता और खुफिया इनपुट के चलते इस बार बड़ी वारदात टल गई।
बचाए गए बच्चों को अब संबंधित एजेंसियों के सुपुर्द किया गया है और उनके परिवारों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
प्रशासन ने सीमा पर निगरानी और कड़ी कर दी है और लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।


RashtriyaPravakta