ताजमहल की खूबसूरती देख मंत्रमुग्ध हुए मार्को रुबियो और जीनेट डी रुबियो, परिवार संग किया ऐतिहासिक स्मारक का दीदार

ताजमहल की खूबसूरती देख मंत्रमुग्ध हुए मार्को रुबियो और जीनेट डी रुबियो, परिवार संग किया ऐतिहासिक स्मारक का दीदार

आगरा , 25 मई 2026 । मार्को रुबियो ने अपनी पत्नी जीनेट डी रुबियो और परिवार के साथ ताजमहल का दौरा किया। दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल की भव्यता और खूबसूरती को देखकर उनके चेहरे खिल उठे।

भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने करीब एक घंटे तक ताजमहल में समय बिताया और फोटो निकलवाईं। सुरक्षा कारणों से ताजमहल परिसर को खाली करा लिया गया था। पहले से मौजूद पर्यटकों को सुरक्षाकर्मियों ने बाहर निकाल दिया। ताजमहल देखने के बाद विदेश मंत्री रूबियो ने विजिटर बुक में लिखा, "दुनिया के प्रेम के खजानों में से एक को देखने की अनुमति देने के लिए धन्यवाद।"

आगरा पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री और उनके परिवार ने ताजमहल परिसर में काफी समय बिताया और इस ऐतिहासिक स्मारक की वास्तुकला तथा इतिहास के बारे में जानकारी ली। दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा।

बताया जा रहा है कि मार्को रुबियो ने ताजमहल की कला और शिल्प की सराहना करते हुए इसे विश्व धरोहर का अद्भुत उदाहरण बताया। उनके परिवार ने भी स्मारक के सामने तस्वीरें खिंचवाईं और भारतीय संस्कृति एवं विरासत की प्रशंसा की।

ताजमहल लंबे समय से विदेशी मेहमानों और वैश्विक नेताओं के आकर्षण का केंद्र रहा है। हर साल लाखों पर्यटक यहां पहुंचते हैं और इसकी खूबसूरती का आनंद लेते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री के इस दौरे को भारत-अमेरिका सांस्कृतिक संबंधों के नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

स्थानीय पर्यटन विभाग का कहना है कि इस तरह के हाई-प्रोफाइल दौरे भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में मदद करते हैं।