पाकिस्तान आर्मी चीफ ने कहा — ट्रम्प को नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए
वाशिंगटन । 19 जून 25 । पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर ने ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग की है। उन्होंने यह पुरस्कार भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने में ट्रम्प की अहम भूमिका के लिए मांगा।
आसिम मुनीर अभी अमेरिका के दौरे पर हैं। यहां ट्रम्प और मुनीर की मीटिंग बंद कमरे में हुई। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने कहा कि ट्रम्प, मुनीर की मेजबानी करेंगे क्योंकि मुनीर ने ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग की है।
ट्रम्प ने मुनीर को इसके लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा- मुझे पाकिस्तान से प्यार है। इस मुलाकात से पहले, PM मोदी ने ट्रम्प से फोन पर बातचीत की। तब मोदी ने कहा कि सीजफायर सीधी बातचीत से हुई। उन्होंने अमेरिका की मध्यस्थता से इनकार किया।
ट्रम्प ने मुनीर की तारीफ की, अमेरिकी-पाकिस्तानियों ने तानाशाह कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प का यह पहला मौका है जब किसी पाक सेना प्रमुख से अकेले, बिना अधिकारियों के, बात की। ट्रम्प ने कहा- मुनीर से मिलकर सम्मानित महसूस हुआ। उन्होंने भारत के साथ युद्ध रोकने में अहम भूमिका निभाई।
व्हाइट हाउस में हुई यह बैठक गोपनीय थी। पाकिस्तानी न्यूज डान के मुताबिक ट्रम्प ने मुनीर की तारीफ करते हुए कहा उन्होंने भारत-पाक तनाव को बढ़ने से रोका। असीम मुनीर और ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में ईरान-इजराइल संघर्ष पर भी चर्चा की। मुनीर ने ईरान-इजराइल युद्ध खत्म करने की वकालत की और अमेरिका के साथ आतंकवाद विरोधी साझेदारी की तारीफ की। दूसरी ओर उन्हें वॉशिंगटन में विरोध का सामना करना पड़ा। अमेरिकी-पाकिस्तानी नागरिकों ने मुनीर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें तानाशाह और कातिल बताया।


RashtriyaPravakta