दिल्ली में एब्सोल्यूट वोडका और शिवास रीगल की बिक्री पर रोक जारी, हाईकोर्ट से पेरनोड रिकार्ड को झटका

दिल्ली में एब्सोल्यूट वोडका और शिवास रीगल की बिक्री पर रोक जारी, हाईकोर्ट से पेरनोड रिकार्ड को झटका

नई दिल्ली, 29 मई 2026 । दिल्ली में एब्सोल्यूट वोडका और शिवास रीगल जैसे लोकप्रिय शराब ब्रांड्स की बिक्री फिलहाल शुरू नहीं हो सकेगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने फ्रांसीसी शराब कंपनी पेरनोड रिकार्ड की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें कंपनी ने राजधानी में दोबारा बिक्री की अनुमति मांगी थी।

कंपनी साल 2021 की दिल्ली लिकर पॉलिसी (शराब नीति) जांच में आरोपी होने के कारण साल 2023 से ही दिल्ली के मार्केट से बाहर है।

कोर्ट के इस फैसले के बाद साफ हो गया है कि Pernod Ricard के ब्रांड्स अभी दिल्ली के बाजारों से बाहर ही रहेंगे। कंपनी के उत्पाद 2023 से दिल्ली में उपलब्ध नहीं हैं, क्योंकि दिल्ली की नई आबकारी नीति मामले में जांच एजेंसियों द्वारा कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

दिल्ली सरकार और जांच एजेंसियों का आरोप है कि कंपनी ने शराब लाइसेंस और रिटेल कारोबार से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और अन्य एजेंसियों की जांच में कंपनी का नाम सामने आने के बाद लाइसेंस नवीनीकरण रोक दिया गया था।

वहीं Pernod Ricard ने सभी आरोपों से इनकार किया है। कंपनी का कहना है कि उसे किसी मामले में दोषी साबित नहीं किया गया है और दिल्ली में कारोबार करने से रोकना अनुचित है। कंपनी ने अदालत में यह भी दलील दी कि राजधानी में बिक्री बंद होने से उसके कारोबार को भारी नुकसान हुआ है।

बताया जा रहा है कि दिल्ली Pernod Ricard के लिए भारत के सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक रहा है। कंपनी की कुल भारतीय बिक्री का बड़ा हिस्सा राजधानी क्षेत्र से आता था। ऐसे में बिक्री पर जारी रोक को कंपनी के लिए बड़ा कारोारी झटका माना जा रहा है।

अब माना जा रहा है कि कंपनी इस फैसले को उच्च अदालत में चुनौती दे सकती है। फिलहाल दिल्ली में एब्सोल्यूट वोडका, शिवास रीगल और Pernod Ricard के अन्य ब्रांड्स की बिक्री पर रोक जारी रहेगी।