भ्रष्टाचार पर सख्त प्रहार—निगरानी टीम का बड़ा एक्शन, असिस्टेंट इंजीनियर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

भ्रष्टाचार पर सख्त प्रहार—निगरानी टीम का बड़ा एक्शन, असिस्टेंट इंजीनियर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

पूर्णिया , 16 अप्रैल 2026 । भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार के पूर्णिया में निगरानी विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जारी कार्रवाई के तहत निगरानी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक असिस्टेंट इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें अधिकारी के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं।

बिहार शिक्षा परियोजना के सहायक अभियंता भूषण प्रसाद को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नंदन कुमार झा की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने डगरूआ प्रखंड के मीनापुर स्थित एक विद्यालय भवन का निर्माण कराया था। निर्माण कार्य के भुगतान के लिए अभियंता द्वारा एमबी वैल्यू का 6 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि अभियंता पहले भी कई बार किश्तों में घूस ले चुका था। फिर दोबारा 10 हजार की मांग की गई थी।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी इंजीनियर किसी कार्य के बदले में रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित की शिकायत पर निगरानी टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत आरोपी को पैसे लेते समय ही गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार और एजेंसियां सख्त रुख अपनाए हुए हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निगरानी विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।