पाकिस्तान के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सुसाइड अटैक – 12 की मौत, कई घायल, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
इस्लामाबाद , 11 नवम्बर 2025 । पाकिस्तान में आतंकवाद का एक और दर्दनाक हमला हुआ है। एक डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सुसाइड अटैक किया गया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। हमला उस समय हुआ जब अदालत परिसर में वकील, कर्मचारी और आम नागरिक मौजूद थे। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के पास मंगलवार को दोपहर 1 बजे जोरदार धमाका हुआ। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 12 लोगों की मौत हुई, जबकि 27 घायल हुए हैं।
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि यह पुलिस लाइन्स हेडक्वार्टर तक सुनी गई, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू टीम और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमाका अदालत के पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियों में हुआ। विस्फोट से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता मलबे की जांच कर रहे हैं।
पाकिस्तानी जियो न्यूज के मुताबिक, यह विस्फोट एक सुसाइड अटैक था। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर का सिर घटनास्थल पर मिला है, जिससे आत्मघाती हमले की पुष्टि हुई है।
धमाके के बाद अदालत परिसर को खाली कराया गया
धमाके के समय कोर्ट हाउस इलाके में भारी ट्रैफिक था, जिसके कारण आसपास खड़े कई लोग भी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत पीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया।
धमाके के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। अदालत परिसर को खाली करा लिया गया, वकीलों, न्यायाधीशों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
न्यायिक परिसर के पीछे से लोगों को बाहर जाने की अनुमति दी गई, जबकि न्यायाधीशों को भी वहां से सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
एक दिन पहले आर्मी ने कॉलेज पर हमले की साजिश नाकाम की थी
इस्लामाबाद धमाके से एक दिन पहले पाकिस्तानी आर्मी ने खैबर पख्तूनख्वा के वाना शहर में एक आर्मी कॉलेज पर आतंकी हमले की साजिश को नाकाम किया था।
एजेंसी एपी (AP) के मुताबिक, 6 पाकिस्तानी तालिबान लड़ाके इस कॉलेज पर हमला करने पहुंचे थे। वाना इलाका लंबे समय से पाकिस्तानी तालिबान, अल-कायदा और अन्य चरमपंथी संगठनों का गढ़ माना जाता है।


RashtriyaPravakta