“दिलजीत दोसांझ ने ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग फिर से शुरू की — अफवाहों पर पड़ चुका ब्रेक”

“दिलजीत दोसांझ ने ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग फिर से शुरू की — अफवाहों पर पड़ चुका ब्रेक”

नई दिल्ली। 03 जुलाई 25 । पंजाबी फिल्म 'सरदार जी 3' के विवादों के बाद दिलजीत दोसांझ ने 'बॉर्डर 2' की शूटिंग दोबारा शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक क्लिप में वह फ्लाइंग ऑफिसर के रोल में नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिलजीत पूरी यूनिफॉर्म में शूट करते दिख रहे हैं और बैकग्राउंड में ‘के घर कब आओगे’ गाना बज रहा है।

इस वीडियो के आने के बाद उनके 'बॉर्डर 2' से बाहर किए जाने की अफवाहों पर भी ब्रेक लग गया है।

बता दें कि फिल्म 'सरदार जी 3' में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ काम करने पर, दिलजीत दोसांझ को लेकर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज (FWICE) ने, सनी देओल, भूषण कुमार और इम्तियाज अली को पत्र लिखा था।

फेडरेशन ने सनी देओल से अपील की थी कि वह 'बॉर्डर 2' जैसी देशभक्ति वाली फिल्म में दिलजीत के साथ काम करने पर पुनर्विचार करें। साथ ही फेडरेशन ने भूषण कुमार और इम्तियाज अली से भी दिलजीत के साथ काम न करने की मांग थी।

हालांकि, इंडिया टुडे से बातचीत में FWICE के अध्यक्ष बी एन तिवारी ने हाल ही में कहा, "भूषण कुमार ने उनसे दिलजीत को शूटिंग करने देने की गुजारिश की।" उन्होंने बताया कि फेडरेशन ने अब अपना आदेश वापस ले लिया है और एक्टर अब 'बॉर्डर 2' का हिस्सा रहेंगे। वहीं, फिल्ममेकर अशोक पंडित ने इंडिया टुडे से कहा, "मैं भविष्य में कभी भी दिलजीत दोसांझ को अपनी फिल्मों में कास्ट नहीं करूंगा। फेडरेशन को इस बारे में चिट्ठी भी भेजी है।" उन्होंने कहा कि दिलजीत के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन भविष्य की फिल्मों में भी जारी रहेगा।