“कनाडा की ‘कैप्स कैफे’ पर फायरिंग, BKI अल्टरा ने जिम्मेदारी ली”

“कनाडा की ‘कैप्स कैफे’ पर फायरिंग, BKI अल्टरा ने जिम्मेदारी ली”

नई दिल्ली । 11 जुलाई, 2025 । कनाडा में कपिल शर्मा के 'कैप्स कैफे' पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पहली बार कैप्स कैफे की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। कैफे ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है।

बयान में लिखा गया, "हमने कैप्स कैफे खोला था ताकि स्वादिष्ट कॉफी और दोस्ताना बातचीत के जरिए गर्मजोशी, कम्युनिटी और खुशी ला सकें। इस सपने में हिंसा का दखल होना दिल तोड़ने वाला है। हम इस सदमे को समझने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हार नहीं मानेंगे। "बयान में आगे लिखा गया, "आपके सपोर्ट के लिए धन्यवाद। आपके अच्छे शब्द, दुआएं और डायरेक्ट मैसेज में भेजी गई यादें हमारे लिए बहुत मायने रखती हैं। यह कैफे आपके भरोसे से ही बना है, जो हम सब मिलकर बना रहे हैं। चलिए, हिंसा के खिलाफ एकजुट रहें और यह सुनिश्चित करें कि कैप्स कैफे हमेशा गर्मजोशी और कम्युनिटी का स्थान बना रहे।"

कपिल के कैफे पर फायरिंग पर AICWA ने जताई चिंता

वहीं, फायरिंग को लेकर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सरकार से अपील की कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और कपिल शर्मा के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।

AICWA ने कहा है कि भारत को कनाडा के प्रधानमंत्री से कूटनीतिक चर्चा शुरू करनी चाहिए ताकि कैप्स कैफे और कपिल शर्मा के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस आतंकी घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

AICWA - भारतीय कलाकारों की सुरक्षा राष्ट्रीय चिंता का विषय

एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि विदेशों में भारतीय कलाकारों की सुरक्षा राष्ट्रीय चिंता का विषय है और किसी भी भारतीय नागरिक के खिलाफ आतंकी कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे हस्तक्षेप करें और यह सुनिश्चित करें कि कनाडा में कपिल शर्मा और उनके कैफे को ऐसे खतरों से सुरक्षित रखा जाए।

बता दें कि कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सर्रे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर बुधवार रात फायरिंग हुई। कपिल शर्मा ने 7 जुलाई को कैप्स कैफे नाम के इस कैफे का उद्घाटन किया था।

NDTV की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि खालिस्तानी आतंकवादी हरजीत सिंह लाडी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। हरजीत सिंह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की लिस्ट में मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में शामिल है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा है।

हमलावर ने फायरिंग का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कैफे के बाहर एक कार में बैठा व्यक्ति गाड़ी के अंदर से लगातार फायरिंग करते दिख रहा है। हालांकि अभी तक घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।