“अब तत्काल टिकट बुकिंग के लिए अनिवार्य होगा आधार लिंक और OTP”—एजेंटों की भी विशेष पाबंदियाँ लागू

“अब तत्काल टिकट बुकिंग के लिए अनिवार्य होगा आधार लिंक और OTP”—एजेंटों की भी विशेष पाबंदियाँ लागू

नई दिल्ली । 19 जून 25 । 1 जुलाई, 2025 से भारतीय रेलवे की तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार से लिंक अकाउंट और OTP बेस्ड वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा।

वहीं 15 जुलाई से हर तत्काल बुकिंग पर आधार से जुड़ा OTP भी दर्ज करना होगा ताकि बुकिंग करते समय यूजर की पहचान सुनिश्चित हो सके।

रेल मंत्रालय के अनुसार, इन बदलावों का मकसद बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना, फर्जी एजेंट्स द्वारा टिकट की कालाबाजारी पर रोक लगाना और जरूरतमंद यात्रियों को इमरजेंसी में समय पर टिकट उपलब्ध कराना है।

1 जुलाई से IRCTC वेबसाइट या एप पर तत्काल टिकट बुक करने के लिए IRCTC अकाउंट आधार से जुड़ा होना अनिवार्य होगा। मतलब अगर आपने अपने अकाउंट में आधार लिंक नहीं किया है और उसे OTP के जरिए वेरिफाई नहीं किया है तो तत्काल टिकट नहीं बुक कर पाएंगे।

भारतीय रेल मंत्रालय के मुताबिक, ये बदलाव इसलिए किए जा रहे हैं ताकि बॉट्स और फर्जी एजेंट्स द्वारा की जा रही धांधली को रोका जा सके। अक्सर देखा गया है कि तत्काल टिकट शुरू होते ही सेकेंडों में खत्म हो जाते हैं क्योंकि एजेंट सॉफ्टवेयर या स्क्रिप्ट का इस्तेमाल करके बुकिंग कर लेते हैं। अब आधार बेस्ड आइडेंटिफिकेशन और OTP वेरिफिकेशन से ऐसा करना मुश्किल होगा। ये कदम ई-गवर्नेंस और डिजिटल इंडिया जैसे सरकारी मिशनों को भी आगे बढ़ाने का काम करेगा।