18वां रोजगार मेला—पीएम मोदी ने 61,000 से अधिक नियुक्ति पत्र देकर युवाओं को दिया नई शुरुआत

18वां रोजगार मेला—पीएम मोदी ने 61,000 से अधिक नियुक्ति पत्र देकर युवाओं को दिया नई शुरुआत

नई दिल्ली, 24 जनवरी 2026 । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 जनवरी 2026 को आयोजित 18वें रोजगार मेले में 61,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए, जो देश में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें देश भर के चयनित उम्मीदवार शामिल हुए।

पीएम मोदी ने शनिवार को वर्चुअली 18वें रोजगार मेले में युवाओं को 61 हजार जॉब लेटर बांटे। ये नियुक्ति गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में की गई है। रोजगार मेले का आयोजन देश के 45 जगहों पर किया जा रहा है।

पीएम ने वर्चुअली संबोधन में कहा कि युवाओं को नए अवसर मिलें, ये हमारा प्रयास है। देशभर के स्टार्टअप में महिलाएं आगे हैं। कई स्टार्टअप में तो वे हेड हैं। महिला स्वरोजगार की दर में 15% की बढ़ोतरी हुई है।

पिछला रोजगार मेला 24 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया गया था। प्रधानमंत्री ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले का पहला फेज शुरू किया था। अब तक 11 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिल चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में इस पहल को रोजगार सृजन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमुख उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि देश के निर्माण और संवैधानिक कर्तव्यों में भागीदारी का एक “संकल्प पत्र” भी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत पर वैश्विक भरोसा बढ़ रहा है और देश के युवाओं के सामने नए अवसर खुल रहे हैं, जो आर्थिक मजबूती और जीडीपी वृद्धि को दर्शाता है। रोजगार मेले की यह पहल पहले के मेलों की श्रृंखला को आगे बढ़ाती है—अब तक इस पहल के तहत देश भर में 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं, जो युवाओं को सरकारी सेवाओं में सशक्त रूप से शामिल करने की दिशा में मदद कर रहा है। इस कार्यक्रम से यह स्पष्ट संदेश जाता है कि केंद्र सरकार युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें स्थिर करियर अवसर प्रदान करना अपने कार्यसूची में उच्च प्राथमिकता दे रही है।