'सरदार जी 3' फिल्म के लिए पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की कास्टिंग पर विवाद उभरा है

'सरदार जी 3' फिल्म के लिए पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की कास्टिंग पर विवाद उभरा है

नई दिल्ली, 23 जून 25। दिलजीत दोसांझ ने रविवार देर रात अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से सरदार जी-3 का ट्रेलर शेयर किया। 27 जून को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी से विवाद शुरू हो चुका है।

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज (FWICE)। के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में कहा है कि फिल्म को भारत में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। पाकिस्तानी कलाकार के साथ काम करने वाले हर प्रोड्यूसर और एक्टर को बैन किया जाएगा। दोसांझ भारत में कहीं परफॉर्म नहीं कर सकेंगे।

बी.एन. तिवारी ने दैनिक भास्कर को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा है, 'हमने उन पर बैन लगाया था इस फिल्म को रिलीज न करने के लिए। मैंने सुना है कि वो फिल्म फॉरेन में या पाकिस्तान में रिलीज कर रहे हैं। यदि इस तरीके से कोई भी हरकत करते हैं तो दिलजीत दोसांझ और उनकी प्रोडक्शन कंपनी व्हाइट लेदर हाउस और जितने भी प्रोड्यूसर हैं, सबको इंडिया में बैन करेंगे। यहां उनके कोई प्रोग्राम हो पाएंगे।

ऐसी फिल्म को बनाने वाले और उसके साथ काम करने वाले को कभी माफी नहीं है। फेडरेशन पूरी तरह से सरदार जी-3 को बैन करता है।

हम आज ही इन्फॉर्मेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्ट्री, होम मिनिस्टर को लेटर लिखेंगे, प्रधानमंत्री तक को लेटर भेजेंगे कि इनके खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जाए। क्योंकि ये देश के साथ गद्दारी कर रहे हैं। हमें लगता है कि ये अंदर ही अंदर देशद्रोह का काम कर रहे हैं। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अगर ये ट्रेलर निकालते हैं, सेंसर किए बिना कहीं रिलीज करने की कोशिश करते हैं तो इन्हें माफ नहीं किया जाएगा।'

AIWCA के प्रेसिडेंट बोले- दिलजीत ने शहीदों का अपमान किया

FWICE के बाद अब AIWCA (ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन) ने भी दिलजीत दोसांझ की कड़ी निंदा की है। एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा है, 'दिलजीत दोसांझ भारत के खिलाफ जाकर पाकिस्तानी एक्ट्रेस के साथ दुनियाभर में फिल्म रिलीज कर रहे हैं। हम ये कतई नहीं होने देंगे। आप एक टेररिस्ट कंट्री की लड़की को काम दे रहे हो, हम कैसे चुप रहेंगे। दिलजीत के किसी कॉन्सर्ट को भारत में नहीं होने देंगे। हम पूरी इंडस्ट्री से दिलजीत को पूरी तरह बॉयकॉट करने की मांग करते हैं।'

स्ट्रिक्ट पॉलिसी के चलते यूट्यूब नहीं इंस्टाग्राम पर शेयर किया ट्रेलर

दिलजीत दोसांझ ने सरदार जी-3 का ट्रेलर यूट्यूब पर जारी करने के बजाय सिर्फ इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद से सभी पाकिस्तानी कलाकारों के इंडियन यूट्यूब चैनल से हटा दिए गए हैं। वहीं जिन भी भारतीय फिल्मों में पाकिस्तानी कलाकार नजर आए थे, उनके चेहरे भी यूट्यूब से हटा दिए गए थे। जाहिर है यही वजह है कि दिलजीत ने ट्रेलर यूट्यूब पर पोस्ट नहीं किया है।

फेडरेशन ने ऐलान किया था- पाक कलाकारों के साथ काम करने पर होगा देशद्रोह का केस

पहलगाम आतंकी हमले के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भारतीय नागरिक उनके साथ काम करता है, तो उस पर देशद्रोह का केस दर्ज किया जाएगा।