आस्था कुंज गैंगरेप के बाद दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान,

आस्था कुंज गैंगरेप के बाद दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान,

नई दिल्ली, 17 नवंबर 2026 | दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है। आस्था कुंज पार्क में नाबालिग के साथ गैंगरेप की घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस को महिला सुरक्षा मजबूत करने के लिए तीन महीने का एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए थे। अब दिल्ली पुलिस ने इस योजना के तहत उठाए गए कदमों की प्रगति रिपोर्ट पेश की है। इसमें सार्वजनिक पार्कों की निगरानी, डार्क स्पॉट पर CCTV कैमरे, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं को तेज करने जैसे उपाय शामिल हैं।

गृह मंत्री के निर्देशों के बाद दिल्ली पुलिस का एक्शन

आपको बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा 24 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के दौरे पर दिए गए निर्देशों के बाद उठाया गया है। इस नई रणनीति का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, यातायात केंद्रों और महिला हॉस्टलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधों पर लगाम लगाना है।

आस्था कुंज घटना के बाद गृह मंत्री ने की थी समीक्षा

आस्था कुंज पार्क में 21 सितंबर 2026 को 17 वर्षीय नाबालिग के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई थी। इसके बाद 24 अक्टूबर को गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं।

अमित शाह ने महिलाओं की सुरक्षा, नागरिक सुरक्षा, पीड़ितों को सहायता और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पुलिस को तीन महीने के भीतर ठोस कदम उठाने और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की समयसीमा तय करने को कहा गया।

19,822 डार्क स्पॉट की पहचान, 6 हजार से ज्यादा CCTV कैमरे लगे

दिल्ली पुलिस ने शहर में 19,822 ऐसे स्थानों की पहचान की है, जहां अंधेरा या कम निगरानी होने के कारण महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खतरा हो सकता है। इन स्थानों को रोशनी और CCTV कैमरों से कवर करने की प्रक्रिया चल रही है।

इसके अलावा राजधानी के 1,635 सार्वजनिक पार्कों का सुरक्षा ऑडिट पूरा किया गया है। अब तक पार्कों में 6,000 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जा चुके हैं। पार्कों की चारदीवारी, फेंसिंग और लाइटिंग को भी मजबूत किया जा रहा है। इन कार्यों को 26 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

दिल्ली के 503 बड़े पार्कों में गेट और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की गई है। साथ ही पार्कों के बाहर PCR वैन की तैनाती पर भी जोर दिया जा रहा है।

35 ऑल-वुमेन PCR वैन और 178 पिंक स्कूटी तैनात

महिलाओं की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने के लिए दिल्ली पुलिस ने 35 ऑल-वुमेन PCR वैन तैनात की हैं। इसके अलावा 178 पिंक स्कूटी पर महिला पुलिसकर्मी गश्त कर रही हैं। प्रत्येक पिंक स्कूटी औसतन 7.4 घंटे प्रतिदिन पेट्रोलिंग कर रही है।

दिल्ली में 125 पिंक बूथ भी संचालित हैं, जहां रोजाना औसतन 308 महिलाएं शिकायत लेकर पहुंचती हैं। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और मेट्रो थानों सहित सभी जिलों में 24 घंटे महिला सहायता डेस्क की व्यवस्था भी की गई है।

दिल्ली पुलिस में फिलहाल महिला कर्मियों की हिस्सेदारी 17.3 प्रतिशत है। इसे वर्ष 2030 तक बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।

112 हेल्पलाइन का रिस्पॉन्स टाइम घटकर 8 मिनट

महिला सुरक्षा के लिए आपातकालीन पुलिस सहायता को तेज करने पर भी काम हुआ है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम यानी 112 का रिस्पॉन्स टाइम पहले 11 मिनट 53 सेकंड था, जो अब घटकर 8 मिनट 2 सेकंड रह गया है।

इसके अलावा शिष्टाचार अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से छेड़छाड़ और उत्पीड़न रोकने के लिए 17,387 अभियान चलाए गए। इन अभियानों के दौरान 1,24,010 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

स्कूल-कॉलेज और हॉस्टल में भी बढ़ेगी निगरानी

दिल्ली पुलिस ने छात्राओं और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्कूल, कॉलेज और हॉस्टलों में जागरूकता कार्यक्रम भी तेज किए हैं। अब तक 22,662 आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 15.9 लाख लोगों तक पहुंच बनाई गई है।

इनमें लगभग 5.7 लाख लोगों ने आत्मरक्षा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, जबकि 3.4 लाख लोगों को बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मी स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों का नियमित दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं।

दुष्कर्म और POCSO मामलों में तेज जांच पर जोर

महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली में 25 विशेष अदालतें काम कर रही हैं, जबकि 37 अतिरिक्त अदालतें स्थापित की जा रही हैं।

दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 31 अक्टूबर 2026 के बीच दुष्कर्म और POCSO के 1,225 मामले दर्ज हुए। इनमें 81 प्रतिशत मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई। दो महीने की निर्धारित समयसीमा में चार्जशीट दाखिल करने का अनुपालन 94 प्रतिशत रहा।

आदतन यौन अपराधियों की जमानत रद्द कराने के लिए वैज्ञानिक और कानूनी आधार पर SOP तैयार की जा रही है। साथ ही यौन अपराधों की जांच में DNA परीक्षण और फॉरेंसिक साक्ष्यों के इस्तेमाल को भी मजबूत किया जा रहा है।

26 जनवरी 2027 तक सुरक्षा इंतजाम पूरे करने का लक्ष्य

दिल्ली पुलिस के तीन महीने के महिला सुरक्षा एक्शन प्लान में CCTV निगरानी, पार्कों की फेंसिंग, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, त्वरित पुलिस सहायता और तेज न्याय प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई है। पार्कों की चारदीवारी और सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 26 जनवरी 2027 की समयसीमा तय की गई है।

अब इस योजना की असली परीक्षा इसके जमीनी क्रियान्वयन से होगी। CCTV कैमरों की नियमित निगरानी, अंधेरे स्थानों पर पर्याप्त रोशनी और शिकायत मिलने पर समय पर पुलिस सहायता महिलाओं की सुरक्षा के लिए अहम साबित होगी।