चंडीगढ़ में कारोबारी के ठिकानों पर ED की बड़ी कार्रवाई, जमीन घोटाले की जांच में तेजी

चंडीगढ़ में कारोबारी के ठिकानों पर ED की बड़ी कार्रवाई, जमीन घोटाले की जांच में तेजी

चंडीगढ़ , 26 मई 2026 । चंडीगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने एक बड़े कारोबारी के घर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित जमीन घोटाले और अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामले में की गई है। ED की टीम ने सुबह तड़के कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड्स तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े सबूतों की जांच शुरू की।

प्रवीण कांसल जीरकपुर में विकसित किए गए एक बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट से जुड़े हुए हैं। उन पर आरोप है कि न्यू चंडीगढ़ क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के दौरान अपने ही बिजनेस पार्टनर के साथ धोखा किया गया। यह मामला तब सामने आया जब उनके साझेदार प्यारेलाल गर्ग ने वर्ष 2023 में विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए लगवाने के बाद जमीन का मालिकाना हक कथित तौर पर गलत तरीके से बदल दिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि भरोसे में लेकर जमीन की रजिस्ट्री दूसरे नामों पर करवा दी गई।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को लंबे समय से जमीन खरीद-बिक्री में गड़बड़ी, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और करोड़ों रुपये के संदिग्ध निवेश की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच को आगे बढ़ाया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड, बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अपने कब्जे में लिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह मामला कई हाई-प्रोफाइल लोगों और रियल एस्टेट नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि जमीन सौदों के जरिए काले धन को सफेद बनाने का कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था। ED अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन आने वाले दिनों में मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

छापेमारी के बाद कारोबारी जगत और रियल एस्टेट सेक्टर में हलचल बढ़ गई है। राजनीतिक गलियारों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।