यूपी एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, AC बस पलटने से 6 लोगों की मौत
उन्नाव , 26 मई 2026 । उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के औरास क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार AC बस मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक दरोगा समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर निभा खेड़ा गांव के पास सुबह करीब सवा पांच बजे हुआ। उन्होंने बताया कि दिल्ली से बिहार जा रही बस में लगभग 50 यात्री सवार थे और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस रेलिंग पर लटक गई, जिससे कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे। औरास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉक्टर अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुल 28 घायलों और मृतकों को अस्पताल लाया गया, जिनमें छह लोगों को मृत घोषित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक पुलिस दरोगा भी शामिल हैं, जो यात्रा कर रहे थे।
हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से पूरी घटना की जांच रिपोर्ट मांगी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, चालक को झपकी आने या तकनीकी खराबी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस और परिवहन विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुट गए हैं।


RashtriyaPravakta