Jalandhar: सिख युवक से हाथापाई मामले में सख्त कार्रवाई, इमिग्रेशन मालिक पर FIR
जालंधर , 28 अप्रैल 2026 । जालंधर में सिख युवक के साथ कथित हाथापाई का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए एक इमिग्रेशन कंपनी के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और सामाजिक संगठनों ने भी कार्रवाई की मांग की थी।
मिली जानकारी के मुताबिक इमिग्रेशन कंपनी 'द मनिंदर वीजा' के मालिक मनिंदर सिंह पर FIR दर्ज हो गई है। बताया जा रहा है कि सिख ग्राहक से हाथापाई की वीडियो सामने आते ही पुलिस को शिकायत दर्ज करवाते हुए जांच सौंपी गई। इस संबंधी जानकारी देते हुए बस्ती बावा खेल थाना के इंचार्ज जय इंदर ने बताया कि किसी मामले को लेकर दोनों पक्ष स्पोर्ट्स मार्केट बस्ती नौ में एक फिर आपस में उलझ गए। इस दौरान एक सिख युवक के केसों की बेअदबी और उसके सिर पर गंभीर चोटें आई। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। पूरे मामले की जांच करते हुए 8 से 10 लोगों के खिलाफ जांच शुरू की और फिर इमिग्रेशन दफ्तर के मालिक मनिंदर सिंह, मोहित तिवाड़ी और कुलबीर सिंह के खिलाफ बस्ती बावा खेल में मामला दर्ज किया गया है।
पंजाब पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सिख समुदाय के लोगों में नाराजगी देखी गई, जिसके चलते प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


RashtriyaPravakta