कश्मीर के कुलगाम में लश्कर आतंकी ढेर, 14 स्थानीय आतंकियों की सूची में था शामिल

कश्मीर के कुलगाम में लश्कर आतंकी ढेर, 14 स्थानीय आतंकियों की सूची में था शामिल

जम्मू-कश्मीर, 02 अगस्त 2025 - जम्मू-कश्मीर में कुलगाम के अखल जंगल में सुरक्षाबलों ने शनिवार को लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी को मार गिराया है। उसका शव भी बरामद हुआ है। आतंकी की पहचान पुलवामा के हारिस नजीर डार के रूप में हुई है।

हारिस उन 14 लोकल आतंकियों की लिस्ट में था, जिनके नाम सरकार ने पहलगाम हमले के बाद 26 अप्रैल को जारी किए थे। हारिस सी-कैटेगरी का आतंकी था। उसके पास से AK-47 राइफल, मैगजीन और ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद हुआ है।

कुलगाम में कल रात से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच फायरिंग हो रही है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और CRPF 'ऑपरेशन अखल' को अंजाम दे रहे हैं। अभी और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है।

कुलगाम में सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने फायरिंग की

एक अधिकारी ने बताया कि इलाके में आतंकी गतिविधि की गुप्त सूचना मिलने के बाद शनिवार को सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। जंगल में कुल कितने आतंकी छिपे हैं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए इलाके में और सिक्योरिटी फोर्सेज को भेजा गया है।

जम्मू-कश्मीर में इस हफ्ते की यह तीसरी मुठभेड़ है। इससे पहले, 28 जुलाई को सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन महादेव के तहत, लिडवास के जंगलों में पहलगाम हमले में शामिल 3 आतंकियों को मारा था। 31 जुलाई को पुंछ में LoC के पास दो और आतंकी घुसपैठ के दौरान मारे गए थे।

14 लोकल आतंकियों में 7 मारे गए, अब 7 की तलाश सुरक्षाबलों ने जिन 14 आतंकियों की लिस्ट जारी की थी, उनमें से अब तक 7 मारे गए हैं। हारिस नजीर को छोड़कर, बाकी के 6 आतंकी मई में शोपियां और पुलवामा में एनकाउंटर के दौरान मारे गए थे।

शोपियां में 13 मई को ढेर किए गए आतंकियों के नाम शाहिद कुट्टे, अदनान शाफी, अहसान उल हक शेख थे। 15 मई को पुलवामा एनकाउंटर में आमिर नजीर वानी, यावर अहमद भट और आसिफ अहमद शेख मारा गया था।