गणतंत्र दिवस की थीम ‘वंदेमातरम्’: परेड में निकलेंगी 30 झांकियां, दिखेगी भारत की सांस्कृतिक और सैन्य शक्ति

गणतंत्र दिवस की थीम ‘वंदेमातरम्’: परेड में निकलेंगी 30 झांकियां, दिखेगी भारत की सांस्कृतिक और सैन्य शक्ति

नई दिल्ली, 17 जनवरी 2026 ।  इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की थीम ‘वंदेमातरम्’ रखी गई है, जो देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारत की सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है। कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड में इस बार कुल 30 झांकियां शामिल होंगी, जिनमें राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की झलक देखने को मिलेगी। ये झांकियां भारत की विविधता, परंपरा, विकास और आत्मनिर्भरता के संदेश को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी।

26 जनवरी को भारत 77वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। इस बार मुख्य परेड की थीम वंदेमातरम् पर रखी गई है। परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर 30 झांकियां निकलेंगी, जो 'स्वतंत्रता का मंत्र-वंदे मातरम, समृद्धि का मंत्र-आत्मनिर्भर भारत' थीम पर आधारित होंगी।

कर्तव्य पथ पर एनक्लोजर के बैकग्राउंड में वंदेमातरम् की लाइन्स वाली पुरानी पेंटिंग बनाई जाएगी। मेन स्टेज पर फूलों से वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इस बार गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन होंगे।

परेड में पहली बार बैक्ट्रियन ऊंट, नई बटालियन भैरव भी मार्च पास्ट करेगी। हालांकि इस बार के फ्लाईपास्ट में राफेल, Su-30, अपाचे जैसे 29 विमान शामिल होंगे। हालांकि इस बार तेजस को नहीं रखा गया है।

डिफेंस सेक्रेटरी आर के सिंह से तेजस के परेड में न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सेना के कुछ बेहतरीन प्लेटफॉर्म दिखाए जा रहे हैं। कुछ शामिल किए गए हैं जबकि कुछ नहीं, लेकिन कोई खास वजह नहीं है।

सैन्य शक्ति और अनुशासन का प्रदर्शन
झांकियों के साथ-साथ परेड में थलसेना, नौसेना और वायुसेना की टुकड़ियां अपने अनुशासन और शौर्य का प्रदर्शन करेंगी। आधुनिक हथियार प्रणाली, स्वदेशी रक्षा तकनीक और जवानों का अनुशासित मार्च भारत की बढ़ती सैन्य क्षमता को दर्शाएगा। यह परेड देश की सुरक्षा और संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक मानी जाती है।

युवाओं और संस्कृति पर विशेष जोर
इस बार के समारोह में युवाओं की भागीदारी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर खास ध्यान दिया गया है। स्कूल-कॉलेज के छात्र, कलाकार और स्वयंसेवी संगठन भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। इससे देश के युवाओं में राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

देशभक्ति के रंग में रंगा गणतंत्र दिवस
कुल मिलाकर, ‘वंदेमातरम्’ थीम के साथ होने वाला गणतंत्र दिवस समारोह भारत की आत्मा, उसकी परंपरा और उसके उज्ज्वल भविष्य का उत्सव होगा। 30 झांकियों के माध्यम से भारत की विविधता और एकता की तस्वीर दुनिया के सामने पेश की जाएगी।