टाटा ट्रस्ट्स की महत्वपूर्ण बैठक 16 मई तक स्थगित, कॉरपोरेट जगत में बढ़ी हलचल

टाटा ट्रस्ट्स की महत्वपूर्ण बैठक 16 मई तक स्थगित, कॉरपोरेट जगत में बढ़ी हलचल

मुंबई, 08 मई 2026 । टाटा ट्रस्ट्स की बहुप्रतीक्षित अहम बैठक अब 16 मई तक टाल दी गई है। इस फैसले के बाद कॉरपोरेट और उद्योग जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक, रणनीतिक और ट्रस्ट से जुड़े फैसलों पर चर्चा होनी थी, लेकिन कुछ कारणों से इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

यह दूसरी बार है जब मीटिंग की तारीख बदली गई है। पहले यह मीटिंग 12 मई को होनी थी। बार-बार तारीखें बदलने से ट्रस्ट के भीतर चल रही चर्चाओं को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

ग्रुप के भविष्य और गवर्नेंस से जुड़े 4 अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी मीटिंग:

  • टाटा संस बोर्ड में प्रतिनिधित्व: बैठक का मुख्य उद्देश्य यह तय करना था कि होल्डिंग कंपनी टाटा संस के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से कौन शामिल होगा। रिपोर्ट के अनुसार, वेणु श्रीनिवासन की जगह भास्कर भट को नॉमिनी डायरेक्टर बनाने पर विचार होना था।
  • टाटा संस की लिस्टिंग पर फैसला: ग्रुप में इस बात को लेकर बहस चल रही है कि क्या टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट किया जाना चाहिए या इसे प्राइवेट ही रखा जाए। नोएल टाटा इसे प्राइवेट रखने के पक्ष में हैं, जबकि कुछ ट्रस्टी लिस्टिंग के विकल्प पर चर्चा चाहते हैं।
  • गवर्नेंस और ओनरशिप स्ट्रक्चर: टाटा ट्रस्ट्स की टाटा संस में 66% हिस्सेदारी है। बैठक में टाटा ग्रुप के भविष्य के मालिकाना हक और कामकाज के तरीकों की समीक्षा की जानी थी।
  • मैनेजमेंट के साथ मतभेद सुलझाना: टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के बीच गवर्नेंस और रणनीतिक मुद्दों पर जो वैचारिक मतभेद उभरे हैं। उन्हें सुलझाना भी इस बैठक का एक बड़ा एजेंडा था।

सूत्रों के अनुसार बैठक में ट्रस्ट की भविष्य की योजनाओं, सामाजिक परियोजनाओं, निवेश रणनीति और संगठनात्मक मुद्दों पर विचार होना था। हालांकि बैठक स्थगित होने के पीछे की आधिकारिक वजह सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं की गई है। इसके चलते विभिन्न तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

टाटा ट्रस्ट्स देश के सबसे प्रभावशाली परोपकारी और सामाजिक संस्थानों में से एक माना जाता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, विज्ञान और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में ट्रस्ट की बड़ी भूमिका रही है। ऐसे में इसकी बैठकों और निर्णयों पर उद्योग जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र की भी नजर रहती है।

कॉरपोरेट विशेषज्ञों का कहना है कि टाटा समूह से जुड़े किसी भी बड़े संस्थागत निर्णय का असर व्यापक स्तर पर देखा जाता है। यही वजह है कि बैठक की तारीख आगे बढ़ने की खबर ने बाजार और कारोबारी हलकों में उत्सुकता बढ़ा दी है।

बताया जा रहा है कि 16 मई को होने वाली बैठक में कई अहम प्रस्तावों और दीर्घकालिक योजनाओं पर चर्चा हो सकती है। ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और भविष्य की रणनीति को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि टाटा ट्रस्ट्स की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन उद्योग जगत की नजरें अब अगली बैठक और उसके संभावित फैसलों पर टिकी हुई हैं।