बरेली में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे पर बवाल: CCTV में कैद हंगामा, 14 पर FIR, 6 गिरफ्तार

बरेली में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे पर बवाल: CCTV में कैद हंगामा, 14 पर FIR, 6 गिरफ्तार

बरेली , 04 मई 2026 । उत्तर प्रदेश की बरेली में कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों ने बाइकों पर सवार होकर इलाके में नारेबाजी की, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज, 14 आरोपियों की हुई पहचान 

पुलिस के मुताबिक घटना का मुख्य आरोपी पूर्व पार्षद तहसीन का बेटा काशिफ, मौलाना तौकीर रजा की इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) से जुड़ा है। रजा पिछले साल 27 सितंबर से जेल में बंद हैं। ''आई लव मोहम्मद'' पोस्टर पर विवाद के बाद एक दिन पहले 26 सितंबर को बरेली में हिंसक झड़पें हुई थीं जिसके बाद से रजा जेल में हैं। पुलिस ने कहा कि घटना के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और अब तक लगभग 14 आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। 

घटना के दौरान कई जगहों पर हंगामा और झड़प की स्थिति बनी। पुलिस के मुताबिक, पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। फुटेज में कुछ युवक बाइक पर घूमते हुए नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद भीड़ इकट्ठा हो गई और माहौल बिगड़ गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 14 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

यह घटना एक बार फिर यह दिखाती है कि छोटी सी उकसावे वाली हरकत भी बड़े विवाद का रूप ले सकती है, ऐसे में सतर्कता और जिम्मेदारी बेहद जरूरी है।