विक्रम भट्ट ने 30 करोड़ की धोखाधड़ी मामले पर तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली, 19 नवम्बर 2025 । फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ने 30 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी मामले पर आखिरकार चुप्पी तोड़ दी है। हाल ही में सामने आई इस वित्तीय विवाद ने फिल्म इंडस्ट्री के अंदर और बाहर दोनों जगह हलचल मचा दी थी। मामले में उनका नाम सामने आने के बाद लंबे समय तक उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी, लेकिन अब उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस पूरे प्रकरण में उनकी छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है।
पॉपुलर फिल्ममेकर विक्रम भट्ट, उनकी पत्नी श्वेतांबरी समेत 8 के खिलाफ 17 नवंबर को 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज हुई थी। इंदिरा IVF के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया का आरोप है कि सभी ने मिलकर उनसे पत्नी की बायोपिक बनवाने के नाम पर ठगी की है। इस मामले में मंगलवार को विक्रम भट्ट के को-प्रोड्यूसर महबूब अंसारी और एक वेंडर की गिरफ्तारी हुई है। हालांकि अब फिल्ममेकर ने कहा है कि उन्हें अब तक इस मामले में कोई नोटिस नहीं मिला है। उन्हें इस मामले की जानकारी मीडिया के जरिए मिली है।
बातचीत में विक्रम भट्ट ने यह भी कहा कि वह पिछले 30 सालों से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और उन्होंने कभी ऐसा कुछ अनुभव नहीं किया है। फिल्ममेकर ने कहा कि उनकी एक फिल्म ‘विराट’ को आधे में रोका गया, जिसकी वजह उनकी कंपनी के बिजनेस डिसीज़न थे, खासतौर पर आने वाला IPO।
विक्रम भट्ट ने यह भी कहा है कि शिकायतकर्ता अजय मुर्डिया द्वारा प्रोड्यूस की जा रही फिल्म में देरी इसलिए हुई, क्योंकि उन्होंने फिल्म से जुड़े टेक्नीशियंस को भुगतान नहीं किया था।
विक्रम भट्ट ने यह भी दावा किया है कि उनके पास ईमेल्स और कॉन्ट्रैक्ट समेत अपनी बात साबित करने के लिए पुख्ता सबूत हैं।
क्या है पूरा मामला?
इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज़ के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया ने 17 नवंबर को विक्रम भट्ट समेत आठ लोगों के खिलाफ 30 करोड़ की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि एक इवेंट में उनकी मुलाकात दिनेश कटारिया से हुई थी। दिनेश कटारिया ने उन्हें पत्नी की बायोपिक बनाने का प्रस्ताव दिया और कहा कि फिल्म के जरिए पूरा देश उनकी पत्नी के योगदान को जान पाएगा। इस सिलसिले में दिनेश कटारिया ने 24 अप्रैल 2024 को मुंबई स्थित वृंदावन स्टूडियो बुलाया था।
इस विवाद के बीच विक्रम भट्ट ने संकेत दिया कि वे अपने आगामी प्रोजेक्ट्स पर भी काम जारी रखे हुए हैं और किसी भी अफवाह से उनकी पेशेवर यात्रा प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने अपने प्रशंसकों और सहयोगियों को भरोसा दिलाया कि वे सच के साथ खड़े हैं और न्याय प्रक्रिया पर पूरा विश्वास रखते हैं।


RashtriyaPravakta