बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन? 10 अप्रैल को दिल्ली में BJP की हाईलेवल बैठक, नाम पर हो सकता फैसला

बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन? 10 अप्रैल को दिल्ली में BJP की हाईलेवल बैठक, नाम पर हो सकता फैसला

पटना/बिहार ,  08 अप्रैल 2026 । बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। राज्य में नेतृत्व को लेकर अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 10 अप्रैल को दिल्ली में हाईलेवल बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अहम चर्चा हो सकती है।

इस प्रस्तावित बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें न केवल बिहार बीजेपी के शीर्ष नेता शामिल होंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा राज्य में नेतृत्व परिवर्तन और नए मुख्यमंत्री के चयन पर सहमति बनाना बताया जा रहा है। इधर, यह भी चर्चा है कि खुद नीतीश कुमार 10 अप्रैल को दिल्ली में रहेंगे, जहां वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद उनके इस्तीफे को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में अटकलों का बाजार और गर्म हो गया है। हालांकि, अभी तक किसी भी पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन जिस तरह से बैठकों और बयानों का दौर जारी है, उससे यह साफ है कि बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है।

दिल्ली में होगी निर्णायक बैठक

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय नेतृत्व इस बैठक में शामिल होंगे। बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, गठबंधन समीकरण और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति तय की जाएगी।

कौन-कौन हैं संभावित चेहरे?

मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें प्रमुख तौर पर:

  • सम्राट चौधरी
  • गिरिराज सिंह
  • नित्यानंद राय

इन नेताओं को संगठन में मजबूत पकड़ और राजनीतिक अनुभव के आधार पर संभावित दावेदार माना जा रहा है।

गठबंधन समीकरण भी अहम

बिहार की राजनीति में गठबंधन का गणित बेहद महत्वपूर्ण होता है। BJP अपने सहयोगी दलों के साथ तालमेल बनाकर ही किसी बड़े फैसले की घोषणा कर सकती है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पार्टी अकेले नेतृत्व करेगी या सहयोगियों के साथ मिलकर चेहरा तय होगा।

क्या बदल सकता है सियासी समीकरण?

अगर बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनती है, तो बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इससे विपक्षी दलों की रणनीति पर भी असर पड़ेगा।

अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार

हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। 10 अप्रैल की बैठक के बाद ही तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।