“तेलंगाना की पाशमैलारम में केमिकल फैक्ट्री में रिएक्टर ब्लास्ट — 10 की मौत, 20 से अधिक घायल; बड़ी जांच शुरू”

“तेलंगाना की पाशमैलारम में केमिकल फैक्ट्री में रिएक्टर ब्लास्ट — 10 की मौत, 20 से अधिक घायल; बड़ी जांच शुरू”

तेलंगाना ,। 30 जून 2025 । तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में दवा बनाने वाली फैक्ट्री की रिएक्टर यूनिट में विस्फोट से 10 मजदूरों की मौत हो गई। मलबे से पांच मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं।

वहीं, 13 का रेस्क्यू किया गया है। इसके अलावा 20 से ज्यादा मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां मौजूद हैं। बचाव कार्य जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। साथ ही मलबे में कई लोगों के फंसे होने की खबर है। हादसा पाशमिलारम स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज में सुबह 7 बजे हुआ।

अभी विस्फोट की वजह सामने नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक रिएक्टर में अचानक तेजी से केमिकल रिएक्शन होने की वजह से विस्फोट हो सकता है।

कई मीटर दूर जाकर गिरे मजदूर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि वहां काम कर रहे मजदूर करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरे। विस्फोट की वजह से रिएक्टर यूनिट तबाह हो गई है। दमकलकर्मी मलबा हटाने के लिए अर्थ मूवर्स की इस्तेमाल कर रहे हैं। मलबे के नीचे कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है।

65 देशों में एक्सपोर्ट होते हैं कंपनी के प्रोडक्ट स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सिगाची इंडस्ट्रीज फार्मास्यूटिकल पाउडर बनाती है। यह साल 1989 से माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज (MCC) बना रही है। यह सफेद रंग का पाउडर होता है। इसमें कोई गंध या स्वाद नहीं होता है।

MCC का उपयोग दवा और कॉस्मेटिक इंडस्ट्री में किया जाता है। सिगाची इंडस्ट्रीज की हैदराबाद समेत पूरे देश में पांच फैक्ट्रियां हैं। इनमें 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं। कंपनी के प्रोडक्ट 65 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट किए जाते हैं।

फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर में 9.89% की गिरावट आई। तब तक यह 49.72 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है।