पंजाब निकाय चुनाव में ‘आप’ की मजबूत पकड़, कई वार्डों में शानदार प्रदर्शन
पंजाब, 29 मई 2026 । पंजाब के निकाय चुनावों से जो तस्वीर निकलकर सामने आ रही है, उसने राज्य की राजनीति का माहौल पूरी तरह बदल दिया है। नगर निगम, नगर कौंसिल और पंचायत चुनावों में आम आदमी पार्टी को जबरदस्त जनसमर्थन मिल रहा है। ये चुनाव केवल स्थानीय निकायों के चुनाव नहीं हैं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल हैं। इसमें आम आदमी पार्टी जबरदस्त बढ़त बनाती दिखाई दे रही है।
पंजाब निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर ली है। अब तक सामने आए नतीजों के अनुसार पार्टी ने 480 वार्डों में से 225 वार्डों पर जीत हासिल कर ली है। इन आंकड़ों ने राज्य की राजनीति में ‘आप’ की बढ़ती ताकत को फिर से साबित कर दिया है।
चुनाव परिणामों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है। आम आदमी पार्टी ने इसे राज्य सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पंजाब की जनता ने पारंपरिक राजनीति से हटकर विकास और पारदर्शिता की राजनीति पर भरोसा जताया है।
निकाय चुनावों में मिली इस बढ़त को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शहरी क्षेत्रों में ‘आप’ का प्रदर्शन यह संकेत देता है कि पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।
वहीं कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा जैसी विपक्षी पार्टियों को कई इलाकों में अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई। कई वार्डों में मुकाबला बेहद करीबी रहा, लेकिन आम आदमी पार्टी ने बढ़त बनाए रखी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पार्टी की जीत पर खुशी जताते हुए इसे जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है और निकाय चुनाव के नतीजे उसी का परिणाम हैं।
कांग्रेस के गढ़ में शानदार प्रदर्शन
सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश गिद्दड़बाहा से आया है, जहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राजा वडिंग के गढ़ में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 19 में से अभी तक गिने गए 13 के 13 वार्डों में जीत हासिल कर ली। यह नतीजा कांग्रेस के लिए केवल चुनावी हार नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश भी माना जा रहा है कि जनता अब पुराने राजनीतिक ढांचे से आगे बढ़ना चाहती है। धूरी में तो आम आदमी पार्टी ने लगभग क्लीन स्वीप कर दिया। 21 में से 20 सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी ने यह साबित कर दिया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह क्षेत्र में जनता का भरोसा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुआ है।
हालांकि अभी कुछ वार्डों के नतीजे आने बाकी हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों और घोषित परिणामों ने साफ कर दिया है कि पंजाब की स्थानीय राजनीति में आम आदमी पार्टी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।


RashtriyaPravakta