लालजीत सिंह भुल्लर पर एफआईआर: गगनदीप रंधावा आत्महत्या मामला बना बड़ा राजनीतिक मुद्दा

लालजीत सिंह भुल्लर पर एफआईआर: गगनदीप रंधावा आत्महत्या मामला बना बड़ा राजनीतिक मुद्दा

अमृतसर , 23 मार्च 2026 । पंजाब में गगनदीप सिंह रंधावा आत्महत्या मामले ने गंभीर राजनीतिक रूप ले लिया है, जहां लालजीत सिंह भुल्लर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। रंधावा, जो पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (PSWC) में जिला प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे, ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में एफआईआर मृतक की पत्नी उपिंदर कौर की शिकायत पर अमृतसर के रणजीत एवेन्यू थाने में दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भुल्लर, उनके पिता और उनके निजी सहायक ने रंधावा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, धमकाया और दबाव बनाया, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

पुलिस कमिश्नर अमृतसर को दी लिखित शिकायत में उपिंदर कौर ने कहा, "मैं सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल होर, अजनाला रोड अमृतसर में बतौर साइंस शिक्षिका कार्यरत हूं। मेरी शादी साल 2007 में गगनदीप सिंह रंधावा से हुई थी। हमारे तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का है। मेरे पति गगनदीप सिंह रंधावा पंजाब राज्य गोदाम निगम में जिला मैनेजर के पद पर नियुक्त थे।

एफआईआर में आत्महत्या के लिए उकसाने (abetment to suicide), आपराधिक धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि टेंडर आवंटन को लेकर रंधावा पर दबाव बनाया जा रहा था और इसको लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था। घटना से पहले एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें रंधावा ने अपनी परेशानी के लिए सीधे तौर पर भुल्लर को जिम्मेदार ठहराया था।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया। इस पूरे विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर लालजीत सिंह भुल्लर ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से हो सके। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है और न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार न करने की बात भी कही है।

यह मामला अब केवल एक आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पंजाब की राजनीति में भी बड़ा मुद्दा बन गया है, जहां विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रहा है और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।