सुनील शेट्टी पहुंचे बॉम्बे हाईकोर्ट, पर्सनैलिटी राइट्स के दुरुपयोग पर लगाई रोक की मांग

सुनील शेट्टी पहुंचे बॉम्बे हाईकोर्ट, पर्सनैलिटी राइट्स के दुरुपयोग पर लगाई रोक की मांग

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर 2025 ।बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपने पर्सनैलिटी राइट्स (Personality Rights) की सुरक्षा के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया है कि उनकी छवि, नाम, आवाज़ और पहचान का अनाधिकृत उपयोग, खासकर सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर, तुरंत रोका जाए। यह मामला आज के डिजिटल युग में व्यक्तित्व और निजता के अधिकारों से जुड़ी एक अहम कानूनी पहल मानी जा रही है।

बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी अपनी पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनके बिना अनुमति वाले फोटो का इस्तेमाल बिजनेस वेबसाइटों, जैसे जुआ और ज्योतिष प्लेटफॉर्म पर हो रहा है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी मांग की कि उनके नाम और इमेज का इस्तेमाल करके बेची जा रही मर्चेंडाइज पर कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा, उन्होंने एक मामले का जिक्र किया, जिसमें उनके और उनकी नातिन की डीपफेक तस्वीर बनाई गई थी।

शुक्रवार को जस्टिस आरिफ एस डॉक्टर ने इस मामले की सुनवाई की और संभव है कि वे एक अस्थायी आदेश पारित करें।

सुनील शेट्टी की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट बीरेन्द्र सराफ ने बताया कि शेट्टी ने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है और उनकी लोगों के बीच व्यापक पहचान है। उन्होंने कहा कि अज्ञात लोग उनके और उनके नातिन की तस्वीरों का इस्तेमाल ब्रांड प्रमोशन के लिए कर रहे हैं।

सुनील शेट्टी की नातिन का नाम इवारा है। उनकी बेटी अथिया शेट्टी और दामाद केएल राहुल की बेटी का जन्म 24 मार्च 2025 को हुआ था।

सुनील शेट्टी के वकील ने कोर्ट में यह भी बताया कि कुछ फर्जी एजेंट उनकी की ओर से ब्रांड प्रमोशन का दावा कर रहे हैं। कई फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट भी उनके नाम से बनाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मामलों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे मेटा ने केवल कंटेंट को डीपफेक लेबल किया, लेकिन उसे हटाया नहीं।

जस्टिस आरिफ एस डॉक्टर ने कहा कि बिना नियंत्रित AI और सोशल मीडिया खतरनाक हो सकते हैं

वर्कफ्रंट की बात करें तो एक्टर हाल ही में फिल्म ‘केसरी वीर’ में नजर आए थे। प्रिंस धीमान के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में विवेक ओबेरॉय, सूरज पंचोली और आकांक्षा शर्मा भी अहम रोल में थे। यह फिल्म 23 मई 2025 को रिलीज हुई थी।