होटल रेड में 35 साल की टीवी एक्ट्रेस रेस्क्यू

होटल रेड में 35 साल की टीवी एक्ट्रेस रेस्क्यू

महाराष्ट्र , 12 अक्टूबर 2026 । महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और देह व्यापार के कथित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 35 वर्षीय टीवी एक्ट्रेस को रेस्क्यू किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक 39 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके कथित पुरुष साथी की तलाश जारी है। मामले में एक स्थानीय गैर-सरकारी संगठन (NGO) ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी थी।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह पर टीवी सीरियल, वेब सीरीज में काम करने वाली एक्ट्रेसेस को फंसाया जा रहा था। इन्हें फोटोशूट के नाम पर बुलाया जाता और बाद में जबरन रैकेट में शामिल किया जाता था।

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

महाराष्ट्र पुलिस को एक NGO से इस कथित रैकेट की जानकारी मिली थी। इसके बाद 8 अक्टूबर को पुलिस ने मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में नकली, अंडरकवर ग्राहक भेजा। जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने होटल में छापा मारा।

इस दौरान पुलिस ने तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) को पकड़ा। पुलिस का आरोप है कि वह महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने के बदले पैसे ले रही थी। इस रेड में 35 साल की टीवी एक्ट्रेस को रेस्क्यू किया गया। वह हिंदी टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। बचाव के बाद उन्हें मुंबई के रेस्क्यू फाउंडेशन में सुरक्षा के लिए रखा गया है। पुलिस ने एक्ट्रेस का नाम और उनके काम से जुड़ी दूसरी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला और उसका कथित साथी मनोरंजन जगत में काम करने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। हालांकि, पुलिस ने अभी यह नहीं बताया है कि इस मामले में कुल कितनी महिलाएं प्रभावित हुई हैं और कथित रैकेट कितने समय से चल रहा था।

तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली है और फिलहाल मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहती थी। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसके कथित पुरुष साथी की तलाश कर रही है। मामले में जांच जारी है।