दिल्ली के मंगोलपुरी में जूता फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी आग, धुएं में दम घुटने से 4 लोगों की मौत; 2 अस्पताल में भर्ती

दिल्ली के मंगोलपुरी में जूता फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी आग, धुएं में दम घुटने से 4 लोगों की मौत; 2 अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2026 | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की करीब 20 गाड़ियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।

दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में जूते की फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों की हालत गंभीर है।

रेस्क्यू टीम ने 6 लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला था। उन्हें संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, वहीं, 5 अन्य लोगों को बिल्डिंग के चौथे फ्लोर से रेस्क्यू किया गया। आग लगने की वजह का अब तक पता नहीं चला है। आग बेसमेंट से शुरू हुई थी।

रात करीब 9:30 बजे लगी आग

जानकारी के मुताबिक, 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित बी-293/294 की जूता फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल विभाग को रात करीब 9:32 बजे इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद दमकलकर्मी और पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं।

बेसमेंट में लगी थी आग, इमारत में फैला धुआं

फायर अधिकारी एडीओ पारस कुमार के मुताबिक, आग सबसे पहले फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी। दमकलकर्मियों ने आग को बेसमेंट तक सीमित रखने की कोशिश की। हालांकि, फैक्ट्री में धुआं बहुत अधिक भर गया था, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने में परेशानी हुई।

छह लोगों को बेहोशी की हालत में निकाला

बचाव अभियान के दौरान फैक्ट्री से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। इनमें से एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और पांच लोगों को चौथी मंजिल से निकाला गया। सभी को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो का इलाज जारी है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा ठेकेदार और कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि पता चल सके कि आग लगने के समय फैक्ट्री में कितने लोग मौजूद थे। मृतकों की पहचान और आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।

आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं

दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद कूलिंग का काम शुरू किया। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।