गर्मी की छुट्टियों पर CM योगी की खास चिट्ठी: बच्चों को परिवार और संस्कारों से जोड़ने की अपील
लखनऊ, 25 मई 2026 । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान छात्रों और अभिभावकों के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। अपनी चिट्ठी में मुख्यमंत्री ने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को छुट्टियों में केवल मोबाइल और टीवी तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें परिवार, संस्कृति और गांव-समाज से जोड़ने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि बच्चों को परिवार के साथ समय बिताने दें, ताकि वे अपने संस्कारों और परंपराओं को निकट से जान सकें। साथ ही, उन्होंने ग्रीष्मावकाश में बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का भी प्रयास करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा, "मेरी आप सभी से अपील है कि इन छुट्टियों को प्लास्टिक मुक्त बनाने का भी संकल्प लें। छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं।"
सीएम योगी ने कहा कि बच्चों की “जड़ें मजबूत” करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि छुट्टियों के दौरान बच्चों को दादा-दादी और परिवार के बुजुर्गों के साथ समय बिताने का मौका दें, ताकि वे भारतीय संस्कारों, परंपराओं और जीवन मूल्यों को करीब से समझ सकें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गर्मी की छुट्टियां बच्चों के लिए केवल आराम का समय नहीं, बल्कि सीखने और जीवन के अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी होती हैं। उन्होंने छात्रों को किताबें पढ़ने, खेलकूद में भाग लेने, प्रकृति से जुड़ने और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की सलाह दी।
चिट्ठी में सीएम योगी ने डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता जताई और कहा कि बच्चों का अत्यधिक स्क्रीन टाइम उनके मानसिक और सामाजिक विकास को प्रभावित कर सकता है। इसलिए परिवारों को चाहिए कि वे बच्चों के साथ अधिक समय बिताएं और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करें।
मुख्यमंत्री के इस संदेश को सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना मिल रही है। कई लोगों ने इसे बच्चों के समग्र विकास और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया है।


RashtriyaPravakta