एलन मस्क ने रचा इतिहास, 600 बिलियन डॉलर नेटवर्थ वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बने

एलन मस्क ने रचा इतिहास, 600 बिलियन डॉलर नेटवर्थ वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बने

नई दिल्ली, 16 दिसंबर 2025 । दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में एलन मस्क ने एक नया इतिहास रच दिया है। टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स (पूर्व में ट्विटर) जैसे दिग्गज उपक्रमों के मालिक एलन मस्क 600 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक है, बल्कि वैश्विक टेक्नोलॉजी और इनोवेशन सेक्टर में मस्क के प्रभाव को भी दर्शाती है।

दुनिया के सबसे अमीर शख्स इलॉन मस्क की वेल्थ 600 बिलियन डॉलर (₹54.50 लाख करोड़) पार कर गई है। मस्क नेटवर्थ का यह आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं।

स्पेसएक्स की 800 बिलियन डॉलर का वैल्यूएशन और IPO आने की खबर के बाद मस्क की संपत्ति में एक ही दिन में लगभग 168 बिलियन डॉलर (₹15 लाख करोड़) की बढ़ोतरी हुई। यह अंबानी की टोटल नेटवर्थ 110 बिलियन (₹10 लाख करोड़) से भी ज्यादा है।

अब मस्क की टोटल नेटवर्थ करीब 638 बिलियन डॉलर है। इनसाइडर शेयर सेल के बाद स्पेसएक्स अब दुनिया की सबसे वैल्यूएबल प्राइवेट कंपनी बन गई है। मस्क स्पेसएक्स के फाउंडर और CEO हैं।

स्पेसएक्स की वजह से अचानक बढ़ी मस्क की नेटवर्थ

रॉयटर्स के मुताबिक कंपनी के अंदर ही हुई शेयर्स की बिक्री में स्पेसएक्स की टोटल वैल्यूएशन $800 बिलियन निकली है। मस्क के पास स्पेसएक्स में लगभग 42% हिस्सेदारी है। यदि कंपनी अमेरिकी शेयर बाजार में 800 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर लिस्ट होती है, तो मस्क की हिस्सेदारी की कीमत अकेले 336 बिलियन डॉलर से ज्यादा बढ़ सकती है।

फोर्ब्स का कहना है कि ऐसा होने पर मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन सकते हैं, हालांकि यह IPO की अच्छी लिस्टिंग पर निर्भर करेगा।

टेस्ला और xAI ने भी बढ़ाई मस्क की दौलत

  • टेस्ला: स्पेसएक्स के अलावा, मस्क की ईवी कंपनी टेस्ला में भी उनकी लगभग 12% हिस्सेदारी है। 2025 में अब तक टेस्ला के शेयर 13% चढ़ चुके हैं। सोमवार को भी टेस्ला के शेयर करीब 4% ऊपर थे, जब मस्क ने कहा कि कंपनी फ्रंट पैसेंजर सीट पर बिना सेफ्टी मॉनिटर के रोबोटैक्सी का परीक्षण कर रही है। मस्क की टेस्ला में हिस्सेदारी अब लगभग 197 बिलियन डॉलर की है।
  • xAI: उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप xAI भी 230 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर 15 अरब डॉलर की नई इक्विटी जुटाने के लिए बातचीत के एडवांस स्टेज में है।

एलन मस्क की संपत्ति में यह जबरदस्त उछाल मुख्य रूप से उनकी कंपनियों के बढ़ते वैल्यूएशन, शेयर कीमतों में तेजी और भविष्य की तकनीकों में निवेश के कारण आया है। इलेक्ट्रिक वाहन सेक्टर में टेस्ला की मजबूत स्थिति, स्पेसएक्स की निजी अंतरिक्ष उड़ानों में बढ़ती भूमिका और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व सैटेलाइट इंटरनेट जैसे क्षेत्रों में मस्क की आक्रामक रणनीति ने उनकी नेटवर्थ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि एलन मस्क की सफलता का सबसे बड़ा कारण उनका दीर्घकालिक विजन है। वे केवल मौजूदा मुनाफे पर नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों और तकनीकी बदलावों पर दांव लगाते हैं। मंगल मिशन, क्लीन एनर्जी, ऑटोनॉमस ड्राइविंग और एआई जैसी योजनाएं मस्क को अन्य अरबपतियों से अलग पहचान दिलाती हैं।

600 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ हासिल करना वैश्विक अर्थव्यवस्था के संदर्भ में भी एक ऐतिहासिक घटना मानी जा रही है। इससे यह साफ होता है कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन आधारित बिजनेस मॉडल किस तरह अभूतपूर्व संपत्ति सृजन कर सकते हैं। एलन मस्क की यह उपलब्धि आने वाले समय में उद्यमियों और निवेशकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।