अशोका यूनिवर्सिटी से छात्रा लापता—मामला गरमाया, रेनू भाटिया का रजिस्ट्रार पर तीखा हमला

अशोका यूनिवर्सिटी से छात्रा लापता—मामला गरमाया, रेनू भाटिया का रजिस्ट्रार पर तीखा हमला

पंचकूला ,  07 अप्रैल 2026 । हरियाणा के सोनीपत स्थित अशोका यूनिवर्सिटी से छात्रा के लापता होने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस संवेदनशील मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।

सुनवाई के दौरान सुनील शर्मा आयोग के समक्ष उपस्थित तो हुए, लेकिन उन्होंने पूरे मामले पर चुप्पी साधे रखी। उनकी इस चुप्पी पर आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि “क्या आपने अपने मुंह को सिलाई करवा दी है, जो कुछ भी नहीं बोल रहे हैं?” हालांकि बाद में मीडिया से बातचीत में सुनील शर्मा ने कहा कि उनकी कोई गलती नहीं है और उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इतने गंभीर मामले में प्रशासन का स्पष्ट बयान न देना और जानकारी साझा न करना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि यूनिवर्सिटी प्रशासन तुरंत सामने आकर स्थिति स्पष्ट करे और जांच में पूरा सहयोग दे।

सूत्रों के अनुसार, छात्रा के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और छात्रा की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में भी तनाव का माहौल है। छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ गई है, जबकि प्रशासन की चुप्पी से सवाल और भी गहरे होते जा रहे हैं।

महिला आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रगति पर नजर रखने की बात कही है। साथ ही, यदि लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

यह मामला न केवल छात्र सुरक्षा बल्कि शैक्षणिक संस्थानों की जवाबदेही पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। फिलहाल, सभी की नजरें पुलिस जांच और छात्रा के सुरक्षित मिलने पर टिकी हैं।