अनिल अंबानी के ठिकानों पर CBI की छापेमारी, FIR भी दर्ज

अनिल अंबानी के ठिकानों पर CBI की छापेमारी, FIR भी दर्ज

नई दिल्ली । 23 अगस्त 25 । CBI ने अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) के खिलाफ 2,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के बैंक फ्रॉड के मामले में केस दर्ज किया है। CBI ने कंपनी के दफ्तरों और अनिल अंबानी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी भी की। यह फ्रॉड स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ हुआ है।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में लिखित जवाब में कहा था कि SBI ने इस मामले में CBI में शिकायत दर्ज करने की प्रोसेस भी शुरू की है। इसके अलावा बैंक ने अनिल अंबानी के खिलाफ व्यक्तिगत दिवालिया कार्यवाही भी शुरू की है, जो मुंबई NCLT में पेंडिंग है।

इससे पहले 23 जुलाई को भी ED ने अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप से जुड़े 35 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की थी।रेड यस बैंक से लिए 3000 करो ड़ रुपए के लोन धोखाधड़ी मामले में की गई थी।

छापेमारी की बड़ी कार्रवाई

CBI ने मुंबई और दिल्ली स्थित कई परिसरों में एक साथ रेड की। सूत्रों के अनुसार, यह मामला बैंकों से लिए गए कर्ज और उसके इस्तेमाल में गड़बड़ी से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी ने दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं।

FIR के आरोप

CBI की FIR में कहा गया है कि अनिल अंबानी की कंपनियों ने बैंकों से लिए गए कर्ज का दुरुपयोग किया। आरोप है कि कर्ज की राशि को नियमानुसार इस्तेमाल नहीं किया गया, जिससे वित्तीय नुकसान हुआ।

अंबानी ग्रुप का पक्ष

अनिल अंबानी समूह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि कंपनी इस मामले में जल्द ही स्पष्टीकरण दे सकती है।

आगे की प्रक्रिया

CBI अब दस्तावेजों की जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर पूछताछ के लिए नोटिस भी जारी कर सकती है। इस कार्रवाई के बाद शेयर बाजार पर भी असर देखने को मिल सकता है।