EPFO का बड़ा डिजिटल बदलाव, अब UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा

EPFO का बड़ा डिजिटल बदलाव, अब UPI और ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा

नई दिल्ली , 09 मई 2026 । कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO जल्द ही करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू करने जा रहा है। नए डिजिटल सिस्टम EPFO 3.0 के तहत अब कर्मचारी UPI और ATM के जरिए अपना PF पैसा निकाल सकेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सुविधा इसी महीने के अंत तक शुरू हो सकती है, जिससे PF निकासी की प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो जाएगी।

ये सिस्टम 2026 के मध्य तक पूरी तरह से लागू हो जाएगा। इसके बाद PF से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं यूजर फ्रेंडली हो जाएंगी। इसमें ऑटो-क्लेम सेटलमेंट और कर्मचारी की पसंद के बैंक खाते में सीधे फंड ट्रांसफर करने जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों को PF निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया, फॉर्म और कई दिनों के इंतजार से राहत मिल सकती है। UPI आधारित सिस्टम के जरिए पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर होगा, जबकि ATM सुविधा के लिए EPFO विशेष PF-linked ATM कार्ड जारी कर सकता है। हालांकि निकासी पर कुछ शर्तें भी लागू रहेंगी। जानकारी के अनुसार ATM के जरिए PF बैलेंस का लगभग 50% तक और UPI के जरिए 75% तक राशि निकाली जा सकेगी, जबकि खाते में कम से कम 25% राशि बनाए रखना अनिवार्य होगा ताकि रिटायरमेंट सुरक्षा बनी रहे।

इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कर्मचारियों का UAN एक्टिव होना, Aadhaar और PAN लिंक होना तथा बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर अपडेट होना जरूरी होगा। OTP आधारित वेरिफिकेशन के जरिए सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि EPFO का यह कदम भारत के डिजिटल फाइनेंस सिस्टम में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। इससे कर्मचारियों को आपातकालीन जरूरतों में तुरंत पैसा उपलब्ध हो सकेगा और PF सिस्टम पहले से ज्यादा यूजर-फ्रेंडली बन जाएगा।