पूर्व अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन पर 18 मामलों में आरोप तय, न्याय विभाग ने शुरू की विस्तृत जांच

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन पर 18 मामलों में आरोप तय, न्याय विभाग ने शुरू की विस्तृत जांच

वाशिंगटन , 17 अक्टूबर 2025 । अमेरिका की राजनीति में हलचल मचाने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जॉन बोल्टन पर कुल 18 मामलों में औपचारिक आरोप तय किए गए हैं। इन मामलों में कथित रूप से गोपनीय सूचनाओं के दुरुपयोग, सरकारी दस्तावेजों के गलत इस्तेमाल, वित्तीय अनियमितताओं और सत्ता के दुरुपयोग से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पिछले कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) रहे जॉन बोल्टन पर गोपनीय जानकारी के गलत इस्तेमाल और लीक करने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। बोल्टन पर राष्ट्रीय रक्षा से जुड़ी जानकारी शेयर करने के 8 और गोपनीय दस्तावेज अपने पास रखने के 10 आरोप लगाए गए हैं।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉन बोल्टन ने ट्रम्प प्रशासन में काम करते वक्त अपनी गतिविधियों के नोट्स और डायरी एंट्रीज AOL ईमेल अकाउंट में सेव की थीं।

जांच एजेंसियों का कहना है कि इन नोट्स में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील बातें शामिल थीं, जिन्हें उन्होंने खुद को और परिवार को मेल किया था। 76 साल के बोल्टन अगर दोषी पाए गए तो उन्हें आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।

2021 में बोल्टन का ईमेल अकाउंट ईरानी हैकर्स ने हैक कर लिया था। हैकर्स ने धमकी दी थी कि अगर बोल्टन के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे यह जानकारी लीक कर देंगे, जैसे 2016 में हिलेरी क्लिंटन के ईमेल लीक हुए थे।

बोल्टन ने ट्रम्प के खिलाफ भारत का समर्थ किया था

बोल्टन ने अगस्त में CNN को दिए एक इंटरव्यू में भारत पर कुल 50% टैरिफ लगाने के फैसले को 'भारी भूल' बताया था। उन्होंने ने आशंका जाहिर की है कि रूस को कमजोर करने के लिए भारत पर लगाया गया एक्स्ट्रा टैरिफ कहीं उल्टा न पड़ जाए।

उन्होंने कहा था कि अमेरिका, भारत को रूस और चीन से दूर रखने के लिए कई साल से कोशिश कर रहा था लेकिन अब वह कोशिश कमजोर पड़ चुकी है।

इसके अलावा बोल्टन ने पिछले महीने कहा था कि ट्रम्प और पीएम मोदी के बीच पहले की खास दोस्ती अब खत्म हो चुकी है।

ब्रिटिश मीडिया LBC को दिए इंटरव्यू में बोल्टन ने ट्रम्प की नीति की आलोचना करते हुए कहा, 'व्हाइट हाउस ने अमेरिका-भारत संबंधों को दशकों पीछे धकेल दिया है, जिससे मोदी रूस और चीन के करीब आ गए हैं। चीन ने खुद को अमेरिका और ट्रम्प के विकल्प के रूप में पेश किया है।'

ट्रम्प ने बोल्टन को बुरा आदमी बताया

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने बोल्टन पर आरोप तय होने के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो बुरा आदमी, जैसा करोगे वैसा भरोगे।

बोल्टन ट्रम्प प्रशासन में 2018 से 2019 तक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहे। दोनों के बीच कई मतभेद रहे। बोल्टन ने इस्तीफा देने के बाद ट्रम्प पर तीखे आरोप लगाए और किताब लिखी, जिसे ट्रम्प ने चुनाव से पहले रोकने की कोशिश की थी।

अमेरिकी राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला आने वाले महीनों में अमेरिकी चुनावी माहौल को और गरम कर सकता है, क्योंकि बोल्टन पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के कटु आलोचक रहे हैं और यह विवाद फिर से पुराने राजनीतिक टकरावों को उजागर कर सकता है।