झण्डेवाला देवी मंदिर में माँ चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना
तीसरे नवरात्र पर हुआ मां का अलौकिक श्रृंगार, मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नई दिल्ली। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को नई दिल्ली स्थित प्राचीन शक्तिपीठ झण्डेवाला देवी मंदिर में मां भगवती के तृतीय स्वरूप माँ चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना पूर्ण विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ की गई। इस अवसर पर मां का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए और सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां चंद्रघंटा का स्वरूप भक्तों के लिए कल्याणकारी एवं मनोकामना पूर्ण करने वाला माना जाता है। नवरात्र के तीसरे दिन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और भक्तों ने कतारबद्ध होकर मां के दर्शन किए।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। मंदिर में बनाए गए कंट्रोल रूम से सुरक्षा विभाग के सेवादार और पुलिसकर्मी अधिकारियों के साथ मिलकर पूरे परिसर की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ऑनलाइन भी हो रहे मां के दर्शन
जो श्रद्धालु किसी कारणवश मंदिर नहीं पहुंच पा रहे हैं, उनके लिए भी मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। झण्डेवाला देवी मंदिर के यू-ट्यूब चैनल, फेसबुक, वेबसाइट एवं मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से प्रतिदिन प्रातः 4 बजे और सायं 7 बजे की आरती सहित सुबह से मध्य रात्रि तक होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया जा रहा है।
मेहंदी केंद्र और वाटिका स्टॉल बने आकर्षण
नवरात्र मेले के दौरान मंदिर के मेहंदी केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही कन्याओं द्वारा मंदिर में दर्शन के लिए आने वाली महिलाओं को प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक मेहंदी लगाई जा रही है। इसके अलावा सेवा भारती की ओर से लगाया गया वाटिका स्टॉल भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पर्यावरण अनुकूल सजावटी एवं विभिन्न प्रकार के पौधे उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय एवं शर्बत की व्यवस्था भी की गई है। वहीं मदर डेयरी द्वारा लगाए गए स्टॉल पर विभिन्न उत्पाद विशेष छूट के साथ उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कल होगी माँ कुष्मांडा की पूजा
नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को मां भगवती के चतुर्थ स्वरूप माँ कुष्मांडा की पूजा-अर्चना की जाएगी। इस अवसर पर मां का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा।


RashtriyaPravakta