अमेरिका में अमीर परिवारों में बढ़ा 3 बच्चे पैदा करने का चलन, टॉप 1% में 49% परिवारों के तीन या ज्यादा बच्चे
वॉशिंगटन,04 नवंबर 2026 | अमेरिका में परिवारों के आकार को लेकर एक दिलचस्प रुझान सामने आया है। यहां अब ज्यादा कमाई वाले परिवारों में तीन या उससे अधिक बच्चे होने की संभावना मिडिल क्लास के मुकाबले अधिक दिखाई दे रही है। वॉशिंगटन पोस्ट की 2 नवंबर 2026 की रिपोर्ट में फेडरल रिजर्व के आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के सबसे ज्यादा आय वाले 1 प्रतिशत परिवारों में 49 प्रतिशत के तीन या उससे अधिक बच्चे हैं। वहीं, संपत्ति के आधार पर टॉप 1 प्रतिशत परिवारों में यह आंकड़ा 50 प्रतिशत है। इसके मुकाबले अधिकांश अन्य आय वर्गों में तीन या उससे अधिक बच्चों वाले परिवारों की हिस्सेदारी 40 से 43 प्रतिशत के बीच है।
अमीरों में ज्यादा बच्चों का चलन 90 के दशक से जारी
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के सबसे अमीर परिवारों में ज्यादा बच्चे का चलन 1990 के दशक से चला आ रहा है। लेकिन कम कमाई वाले परिवारों में यह चलन घट रहा है। यानी बच्चों को पालने का खर्च बढ़ने के बावजूद अमीर परिवार पहले की तरह बड़े परिवार रख रहे हैं।
अर्थशास्त्री माइक कॉन्जल का कहना है कि अमीर परिवारों के लिए तीसरा बच्चा स्टेटस सिंबल यानी रुतबे की निशानी बन गया है। उनके मुताबिक, महंगाई और बच्चों की परवरिश का बढ़ता खर्च आम परिवारों को कम बच्चे पैदा करने के लिए मजबूर कर रहा है, लेकिन इसका असर सबसे अमीर 1% परिवारों पर उतना नहीं पड़ता।
मिडिल क्लास परिवारों को अपनी कमाई में घर का किराया, बिल, बचत और बच्चों की जरूरतों के बीच तालमेल बैठाना पड़ता है। तीसरा बच्चा होने पर इन खर्चों का बोझ और बढ़ जाता है।
तीसरा बच्चा पैदा करना क्यों मुश्किल?
विशेषज्ञों के मुताबिक, तीसरे बच्चे की परवरिश का खर्च कई परिवारों के बजट पर अतिरिक्त दबाव डालता है। खासकर उन दंपतियों के लिए यह चुनौती बड़ी होती है, जहां माता-पिता दोनों नौकरी करते हैं और बच्चों की देखभाल के लिए बाहर से मदद लेनी पड़ती है।
रिपोर्ट में Child Care Aware of America के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि अमेरिका में चाइल्ड केयर का औसत सालाना खर्च 13,184 डॉलर तक पहुंच गया है। 2021 में यह खर्च 10,681 डॉलर था। वहीं, बड़े शहरों में यह लागत 20,000 डॉलर सालाना से भी ज्यादा हो सकती है।
अमेरिका में मीडियन घरेलू आय करीब 87,000 डॉलर बताई गई है। ऐसे में दो बच्चों को डे-केयर में रखने पर परिवार की कुल कमाई का बड़ा हिस्सा खर्च हो सकता है। इसके अलावा घर खरीदने और बड़े परिवार के लिए पर्याप्त जगह जुटाने की लागत भी बढ़ी है।
42% अमेरिकी चाहते हैं तीन या ज्यादा बच्चे
बच्चों की संख्या को लेकर अमेरिकियों की इच्छा और वास्तविक स्थिति में भी अंतर दिखाई देता है। 2025 के गैलप सर्वे के मुताबिक, 42 प्रतिशत अमेरिकियों ने कहा कि परिवार में तीन या उससे ज्यादा बच्चे होना आदर्श है। वहीं, 40 प्रतिशत लोगों ने दो बच्चों को आदर्श संख्या बताया।
सर्वे के अनुसार, अमेरिकियों की औसत आदर्श परिवार संख्या 2.7 बच्चे है, जबकि वास्तव में औसत संख्या करीब 1.6 बच्चे है। इससे संकेत मिलता है कि कई लोग अपनी इच्छा के मुताबिक बड़ा परिवार नहीं बना पा रहे हैं।
क्या आंकड़ों में सौतेले बच्चों का भी असर है?
विशेषज्ञों ने इस विश्लेषण की कुछ सीमाओं की ओर भी ध्यान दिलाया है। इंस्टीट्यूट फॉर फैमिली स्टडीज के विशेषज्ञ लाइमन स्टोन के मुताबिक, अमीर पुरुषों में दोबारा शादी करने की संभावना अधिक होने से सर्वे में सौतेले बच्चों की संख्या भी शामिल हो सकती है। इससे वास्तविक जैविक बच्चों की संख्या का आकलन प्रभावित हो सकता है।
हालांकि, विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि ज्यादा संपत्ति और आय वाले परिवारों के लिए बच्चों की परवरिश में मदद जुटाना अपेक्षाकृत आसान होता है। वे चाइल्ड केयर, घरेलू सहायता और अन्य सुविधाओं पर अधिक खर्च कर सकते हैं।
अमेरिका में जन्म दर अब भी कम
तीन या उससे ज्यादा बच्चों वाले अमीर परिवारों की चर्चा के बावजूद अमेरिका की कुल जन्म दर में बढ़ोतरी का व्यापक संकेत नहीं है। प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक, अमेरिका की कुल प्रजनन दर 2024 में घटकर 1.60 रह गई थी, जो ऐतिहासिक रूप से काफी कम स्तर है।
इस तरह अमेरिका में एक ओर बड़े परिवार की इच्छा रखने वाले लोगों की संख्या उल्लेखनीय है, वहीं दूसरी ओर बच्चों की परवरिश, चाइल्ड केयर और आवास की ऊंची लागत परिवारों के फैसलों को प्रभावित कर रही है। नए आंकड़े बताते हैं कि आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों के लिए तीन या उससे ज्यादा बच्चों वाला परिवार बनाना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है।


RashtriyaPravakta