बुलंदशहर की सबा हैदर ने अमेरिकी चुनाव में दर्ज की ऐतिहासिक जीत,

बुलंदशहर की सबा हैदर ने अमेरिकी चुनाव में दर्ज की ऐतिहासिक जीत,

नोएडा , 06 नवंबर 2026 | उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से ताल्लुक रखने वाली सबा हैदर ने अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने इलिनॉयस राज्य के 84वें डिस्ट्रिक्ट से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत की। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार सबा ने रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी ब्रायन स्कोपा को बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ वह इलिनॉय जनरल असेंबली में पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई अप्रवासी महिला बन गई हैं।

विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिका के दोनों सदनों में बहुत का आंकड़ा पा लिया है और शानदार जीत दर्ज की है। डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता सबा हैदर ने भी जीत हासिल की है। उनकी जीत का जश्न भारत के यूपी राज्य के बुलंदशहर में भी मनाया गया है। 42 वर्षीय सबा हैदर इलिनोइस जनरल असेंबली के लिए चुनी जाने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला हैं।

71 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल कर दर्ज की जीत

अमेरिका में 3 नवंबर 2026 को हुए मध्यावधि चुनाव के नतीजों में सबा हैदर को 70.9 फीसदी वोट मिले। उन्हें कुल 20,756 वोट हासिल हुए, जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कोपा को 8,520 वोट मिले। इस तरह सबा ने लगभग 42 प्रतिशत अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।

सबा ने इलिनॉयस के 84वें डिस्ट्रिक्ट से चुनाव लड़ा था। इस क्षेत्र में विल, ड्यूपेज, केन और केंडल काउंटी के कुछ हिस्से शामिल हैं। उनकी जीत को भारतीय मूल के समुदाय के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

बुलंदशहर के औरंगाबाद से अमेरिका तक का सफर

सबा हैदर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद कस्बे की रहने वाली हैं। उनका परिवार लंबे समय से उत्तर प्रदेश से जुड़ा रहा है। करीब 20 साल पहले वह अपने परिवार के साथ अमेरिका के इलिनॉयस में बस गई थीं।

उन्होंने भारत में अपनी पढ़ाई पूरी की। वह अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) की पूर्व छात्रा हैं, जहां से उन्होंने वाइल्डलाइफ साइंस में एमएससी की पढ़ाई की। अमेरिका पहुंचने के बाद उन्होंने स्थानीय समुदाय के साथ काम किया और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। 

ड्यूपेज काउंटी बोर्ड में भी कर चुकी हैं काम

सबा हैदर का राजनीतिक सफर स्टेट रिप्रेजेंटेटिव के चुनाव से पहले ही शुरू हो चुका था। वह ड्यूपेज काउंटी बोर्ड की सदस्य रह चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं और सामुदायिक मुद्दों पर काम किया।

स्थानीय स्तर पर मिले अनुभव के बाद उन्होंने इलिनॉयस की राजनीति में आगे बढ़ने का फैसला किया। 2026 के चुनाव में मिली जीत ने उन्हें राज्य की जनरल असेंबली तक पहुंचा दिया है। 

जीत के बाद सबा ने मतदाताओं का जताया आभार

जीत के बाद सबा हैदर ने सोशल मीडिया पर मतदाताओं, परिवार, दोस्तों, चुनाव प्रचार टीम और स्वयंसेवकों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने पिछले 15 महीनों तक डिस्ट्रिक्ट के अलग-अलग हिस्सों में जाकर लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश की।

सबा ने अपने संदेश में कहा कि यह चुनाव उस समुदाय के लोगों के भविष्य से जुड़ा था, जो इस क्षेत्र को अपना घर मानते हैं। उन्होंने समावेशी और बेहतर समुदाय बनाने की दिशा में काम जारी रखने की बात भी कही। 

बुलंदशहर और गाजियाबाद में परिवार ने मनाई खुशी

सबा हैदर की जीत की खबर भारत पहुंचते ही उनके पैतृक क्षेत्र और परिवार में खुशी का माहौल बन गया। उनके पिता सैयद अली हैदर ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया। परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों ने इसे बुलंदशहर और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।

सबा की यह जीत दिखाती है कि स्थानीय स्तर पर सामुदायिक काम और राजनीतिक भागीदारी के जरिए भारतीय मूल के लोग अमेरिका की राजनीति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हासिल कर रहे हैं।