पैसे बांटकर फोटो खिंचवाने के लिए पप्पू यादव हैं’, प्रशांत किशोर का तंज
पटना, 15 अक्टूबर 2026 । बिहार में बाढ़ राहत और राजनीति को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच चूड़ा-गुड़ बांटने और तस्वीरें खिंचवाने का उनका कोई मन नहीं है। इसी दौरान उन्होंने पप्पू यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहत सामग्री बांटने और फोटो खिंचवाने का काम वे कर सकते हैं। प्रशांत किशोर का यह बयान बिहार में बाढ़ की समस्या, राहत वितरण और नेताओं की भूमिका को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आया है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जहां पिछले तीन दशक से हर साल बाढ़ आता है, हर साल महिलाएं-बच्चे समेत अन्य लोग बेघर हो जाते हैं। हर साल मवेशी मर जाते हैं। हर साल लोगों के लिए तिरपाल लगा कर बैठने की मजबूरी होती है। उस समाज के लोग फिर अगले साल जाकर उसी नेता को वोट देते हैं। ऐसे समाज के लोगों को चूड़ा गुड़ बांटने का उनका कोई मन नहीं है। उन्हें उनके साथ जाकर फोटो खिंचवाने की इच्छा नहीं हैं। उस काम करने के लिए पप्पू यादव है। वो जाकर चूड़ा-गुड़ बांटेंगे। फिर 50-50 रुपये लेकर फोटो खिंचाएंगे।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए समाज पर भी बोले प्रशांत किशोर
यह बयान प्रशांत किशोर ने बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के सिलसिले में शिक्षकों को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने शिक्षा और सामाजिक बदलाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि कोई विद्यार्थी पढ़ने का फैसला ही नहीं करता, तो शिक्षक की तमाम कोशिशों के बावजूद उसे पढ़ाना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने इस उदाहरण के जरिए समाज की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उनका कहना था कि केवल नेताओं से बदलाव की उम्मीद करने के बजाय लोगों को भी अपनी स्थिति सुधारने के लिए पहल करनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान और बेहतर वेतनमान के मुद्दे को भी जन सुराज की प्राथमिकताओं से जोड़ा।


RashtriyaPravakta